गोरखपुर: फिर सैनिटाइज होगा पूरा शहर, एक सप्ताह तक लगातार चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन पहले से ही विशेष स्वच्‍छता अभियान चला रहा है। इसके तहत रोजाना पांच वार्डों का चयन कर 50-50 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। यह सफाईकर्मी पहले से काम कर रहे सफाईकर्मियों के अलावा हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 03:30 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 03:30 PM (IST)
गोरखपुर: फिर सैनिटाइज होगा पूरा शहर, एक सप्ताह तक लगातार चलेगा अभियान
गोरखपुर शहर को फ‍िर सैन‍िटाइज करने की तैयारी चल रही है। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। नगर निगम प्रशासन एक बार फिर पूरे शहर को सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से सैनिटाइज कराएगा। 14 सितंबर से लगातार सात दिन अभियान चलेगा। इसके लिए 35 वाहनों पर छिड़काव मशीन लगाई गई है। नगर निगम के सभी 70 वार्डों को सैनिटाइज किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के साथ ही मच्‍छरों और गंदगी पर प्रहार करने के लिए शुरू किए जा रहे इस अभियान में चूना, मैलाथियान के साथ ही जलभराव वाली जगहों पर मोबिल का भी छिड़काव किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन पहले से ही विशेष स्वच्‍छता अभियान चला रहा है। इसके तहत रोजाना पांच वार्डों का चयन कर 50-50 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। यह सफाईकर्मी पहले से काम कर रहे सफाईकर्मियों के अलावा हैं। यानी एक वार्ड में 80-90 सफाईकर्मी एक साथ काम कर रहे हैं। इससे वार्ड के ज्यादातर हिस्से को साफ कर लिया जा रहा है।

नगर निगम परिसर से रवाना होगी टीम

सैनिटाइजेशन और सफाई से जुड़ी टीम 14 सितंबर को नगर निगम परिसर से रवाना होगी। महापौर सीताराम जायसवाल हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना करेंगे। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि 35 सैनिटाइजेशन वाहनों को नगर निगम परिसर से रवाना किया जाएगा। जलभराव वाले इलाकों में खास तौर से अभियान चलाया जाएगा। मच्‍छरों के पनपने वाले स्थानों के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटी लार्वल का स्टाक कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री के रूट पर होती रही सफाई

नगर निगम की टीम ने मुख्यमंत्री के रूट पर सफाई शुरू करा दी। कई इलाकों में सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़कर कान्हा उपवन पहुंचाया गया। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सर्किट हाउस, महंत दिग्विजयनाथ पार्क, पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, असुरन, मेडिकल कालेज रोड, स्पोट्र्स कालेज, नकहा ब्रिज, बरगदवा आदि इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त के निर्देश पर सिंघडिय़ा स्थित गैस गोदाम गली में नाला की खोदाई कर जलनिकासी की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान प्रभारी अपर नगर आयुक्त संजय शुक्ल, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, सहायक नगर आयुक्त डा. मणि भूषण तिवारी, अविनाश प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, प्रवर्तन बल के प्रभारी कर्नल सीपी सिंह, बृजेश तिवारी, रामनरेश नागवंशी, अखिलेश श्रीवास्तव, विन्ध्याचल आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी