घर में घुसकर छेड़खानी कर रहे युवक पर महिला ने किया हंसिये से हमला, महिला गिरफ्तार Gorakhpur News

घायल के भतीजे ने झंगहां थाना पुलिस को तहरीर दी कि रात में आरोपित महिला ने उनके चाचा को अपने घर में बुलाकर उस पर हंसिये से जानलेवा हमला कर दिया है। करीब घंटे भर पुलिस को हमले की सूचना मिली और पुलिस महिला के घर पहुंच गई।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 02:49 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 02:49 PM (IST)
घर में घुसकर छेड़खानी कर रहे युवक पर महिला ने किया हंसिये से हमला, महिला गिरफ्तार Gorakhpur News
हमला करने के आरोप में गिरफ्तार महिला का फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। झंगहा थाना क्षेत्र के चालीस वर्षीय एक युवक पर गांव की महिला ने रात करीब नौ बजे हंसिये से जानलेवा हमला कर दिया है। युवक के गर्दन में कई घाव हो गए हैं। युवक का शहर के एक निजी नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का आरोप है कि उसे अकेला पाकर युवक घर में घुसकर उसके साथ छेडख़ानी कर रहा था। अपने बचाव में उसने युवक पर हमला किया है, लेकिन झंगहा पुलिस महिला का पक्ष सुनने को तैयार ही नहीं है।

महिला ने खुद बुलाया था अपने घर

घायल के भतीजे ने झंगहां थाना पुलिस को तहरीर दी कि रात में आरोपित महिला ने उनके चाचा को अपने घर में बुलाकर उस पर हंसिये से जानलेवा हमला कर दिया है। करीब घंटे भर पुलिस को हमले की सूचना मिली और झंगहा पुलिस महिला के घर पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपित महिला ने पुलिस से बताया कि उसका पति गुजरात में रहता है। घर में उसके अलावा उसके दो छोटे बच्‍चे रहते हैं। ऐसे में युवक उसे अकेला देखकर रात में घर में घुस गया और उसके साथ छेडख़ानी करने लगा। युवक से बचने के लिए उसे हंसिया चलाना पड़ा।

पुलिस मान रही पु‍रानी रंजिश

हालांकि पुलिस ने इसे पुरानी रंजिश का मामला बताकर महिला के विरुद्ध मुकदमा लिखकर उसे जेल भेज दिया। गांव के लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि यदि महिला से पुरानी रंजिश रहेगी तो युवक रात में उसके घर क्यों गया था। प्रभारी निरीक्षक झंगहा संजय कुमार मिश्र ने बताया कि अभी इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता है कि हमला छेडख़ानी की वजह से हुआ अथवा पुरानी रंजिश में। विवेचना के दौरान यह स्पष्ट हो जाएगा।

इसलिए महिला को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक उत्तरी मनोज कुमार अवस्थी का कहना है कि युवक के घर में घुसने की बात संज्ञान में आई थी, लेकिन प्रथम दृष्टया हमला दिख रहा है। इसलिए महिला को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। घटना की जांच सीओ चौरीचौरा से कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी उचित होगा, वह कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी