देवरिया में सरयू नदी का घट रहा जलस्तर, 10 टोलों से हटा बाढ़ का पानी

देवरिया जिले में सरयू और राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। देवरिया में दोनों नदियों का जलस्तर घटने से तटवर्ती गांव के लोग राहत महसूस कर रहे हैं लेकिन नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर प्रवाहित हो रही है।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 09:50 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 11:30 AM (IST)
देवरिया में सरयू नदी का घट रहा जलस्तर, 10 टोलों से हटा बाढ़ का पानी
बरहज के कपरवार में घट रहा राप्ती नदी का जलस्तर। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : देवरिया जिले में सरयू और राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। देवरिया में दोनों नदियों का जलस्तर घटने से तटवर्ती गांव के लोग राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर प्रवाहित हो रही है।

खतरे के निशान से 85 सेंटीमीटर ऊपर बह रही सरयू नदी

सरयू नदी खतरे का निशान 66.50 मीटर से ऊपर 67.35 मीटर पर बह रही है। सरयू नदी खतरे के निशान 85 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर में 15 सेंटीमीटर की कमी हुई है। कपरवार में राप्ती नदी का जलस्तर घट रहा है। कपरवार संगम तट पर कटान की स्थिति है। विशुनपुर देवार के बाढ़ प्रभावित 10 टोलों से बाढ़ का पानी हट गया है। भदिला प्रथम गांव अभी राप्ती नदी के बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। उपजिलाधिकारी संजीव कुमार यादव ने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है।

खतरे के निशान से नीचे राप्ती

दोआबा में एक पखवारे के बाद नदियां अब अपने मूल जलस्तर के करीब आने लगी हैं। राप्ती गेज प्वाइंट भेड़ी के समीप खतरे के निशान 70.50 मीटर से 20 सेमी नीचे बह रही है। गोर्रा गेज प्वाइंट पिड़राघाट के समीप अभी दस सेमी ऊपर 70.60 मीटर पर बह रही है, जिससे दोआबा में बाढ़ का खतरा टल गया है। जलस्तर कम होने से तटवर्ती गांवों और तटबंधों के किनारे कटान का खतरा बढ़ता जा रहा है। रतनपुर, पिड़राघाट, ईश्वरपुरा, नरायनपुर औराई, बहोरादलपतपुर पिड़रा-भुसउल, गायन डहरौली, मांझा भीमसेन स्थानों पर कटान का खतरा बना हुआ है।

54 मिमी बारिश, स्कूल की चहारदीवारी गिरी

जिले में मंगलवार रात से रिमझिम बारिश हो रही है। जनपद में 24 घंटे में 54 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया है। जिले में अभी कहीं भी बिजली गिरने की सूचना नहीं है। एकौना संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के सरावं खुर्द स्थित सियाराम शुक्ल हायर सेकेंड्री स्कूल की चहारदीवारी देर रात गिर गई, जिससे फर्नीचर व स्कूल का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य यज्ञ नारायण शुक्ला ने बताया की बारिश के चलते विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से लगभग दस लाख की क्षति हुई है।

chat bot
आपका साथी