लूट में असफल होने पर गोली मारे जाने की छात्र ने दी थी सूचना, भेद खुला तो चौंक गई पुलिस Gorakhpur News

मामला छिपाने के लिए छात्र व उसके साथी ने लूट की कोशिश में गोली चलने की सूचना देकर सनसनी फैला दी। जांच में सच्चाई मालूम होने पर पुलिस ने गोली चलाने वाले कुशीनगर जिले के रहने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Mon, 22 Mar 2021 09:30 PM (IST) Updated:Mon, 22 Mar 2021 09:30 PM (IST)
लूट में असफल होने पर गोली मारे जाने की छात्र ने दी थी सूचना, भेद खुला तो चौंक गई पुलिस Gorakhpur News
अपराध से संबंधित प्रतीकात्‍मक फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। कैंट के बेतियाहाता में शनिवार की रात तमंचा देखने के दौरान गोली चलने से छात्र घायल हो गया। गोली उसके दाएं पैर में लगी है। मामला छिपाने के लिए छात्र व उसके साथी ने लूट की कोशिश में गोली चलने की सूचना देकर सनसनी फैला दी। जांच में सच्चाई मालूम होने पर पुलिस ने गोली चलाने वाले कुशीनगर जिले के रहने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जन्‍मदिन की पार्टी से लौटते समय चली थी गोली

मूल रूप से देवरिया कोतवाली के बरियारपुर निवासी विजयसेन यादव का बेटा उत्कर्ष यादव बीकाम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह पैडलेगंज में किराया का कमरा लेकर भाई दीपक के साथ रहता है। दीपक भी एमजी इंटर कालेज का छात्र है। शनिवार की रात उत्कर्ष के मित्र पिपराइच के चिलबिलवा निवासी चंदन यादव का जन्मदिन था। वहां उत्कर्ष अपने साथी कुशीनगर जिले के रहने वाले मयंक ओझा के साथ गया था। पार्टी से लौटते समय बेतियाहाता में मयंक अपने पास रखा तमंचा निकालकर उत्कर्ष को दिखाने लगा। ट्रिगर दबने से गोली चल गई जो उत्कर्ष के दाहिने पैर में लग गई।

पुलिस से बचने के लिए लिया झूठ का सहारा

पुलिस से बचने के लिए अपने भाई दीपक को फोन कर उसने बताया कि जन्मदिन की पार्टी से दोस्त के साथ लौट रहा था। कुसम्ही जंगल में रजही के फुटहिया मोड़ पर लूट की कोशिश में नाकाम हुए बदमाशों ने गोली मार दी। साथियों के साथ पहुंचा दीपक उसे अपने साथ प्राइवेट अस्पताल ले गया। डाक्टर के भर्ती न करने पर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। लूट की कोशिश में गोली मारे जाने की खबर मिलते ही मौके पर खोराबार, पिपराइच व कैंट थानेदार पहुंच गए। घायल उत्कर्ष को मेडिकल कालेज ले गए। पूछताछ में सच्चाई मालूम होने पर उत्कर्ष के पिता विजयसेन ने कैंट थाने में मयंक के खिलाफ आर्म्‍स एक्ट व दूसरे का जीवन संकट में डालने का केस दर्ज कराया। सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि आरोपित की तलाश चल रही है।

chat bot
आपका साथी