सपा की सरकार में था गुंडे और माफिया का राज: दिनेश

देवरिया के बैतालपुर चीनी मिल मैदान में भाजपा की चुनावी जनसभा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 11:06 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 11:06 PM (IST)
सपा की सरकार में था गुंडे और माफिया का राज: दिनेश
सपा की सरकार में था गुंडे और माफिया का राज: दिनेश

देवरिया, जेएनएन। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार गुंडे और माफिया की सरकार थी। सपा और बसपा साथ मिलकर चुनाव लड़े और आज बसपा की मुखिया समाजवादी पार्टी को अपराधी और गुंडों की पार्टी बता रही हैं। उन्हें सपा से जान को खतरा है। उस समय भाजपा को रोकने के लिए यह दोनों दल एक साथ हुए थे,लेकिन जनता ने उनकी एक न सुनी। देश में नरेंद्र मोदी जैसे गरीब के बेटे को प्रधानमंत्री बनाया। धोखे में डाल कर सत्ता पर काबिज होने वाले लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

उप मुख्यमंत्री देवरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर बैतालपुर चीनी मिल परिसर में भाजपा प्रत्याशी सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि भाजपा विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। किसानों को खाद, पानी, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिया। जब मैं युवा मोर्चा का अध्यक्ष था तो देवरिया आया था यहां की बहू, बेटियों को शौच के लिए खेत में जाते देखा तो शर्मिंदगी महसूस हुई। भाजपा की मोदी सरकार ने घर-घर शौचालय बनवाया और बहू,बेटियों की इज्जत की रक्षा की। सलेमपुर में आयुर्वेद कालेज, देवरिया में मेडिकल कालेज, गोरखपुर में एम्स, कुशीनगर में हवाई अड्डा, सड़कों का जाल बिछाने के साथ ही इंसेफ्लाइटिस को रोकने समेत तमाम कल्याणकारी योजनाओं से देवरिया को लाभान्वित किया गया।

कहा कि देवरिया का सर्वांगीण विकास होगा। सरकार हमारी है, विधायक हमारा होगा तो बीच में कोई बाधा नहीं होगी। एक राजभर नेता सपा की बी टीम बन कर काम कर रहे हैं। राजभरों का बेटा अनिल राजभर भाजपा की सरकार में मंत्री है। राजभरों के लिए वह काम कर रहे हैं, उनकी समस्या का समाधान करा रहे हैं। नकल माफिया पर शिकंजा कसा। नकल का राज खत्म किया। साढ़े तीन लाख नौकरियां प्रदेश सरकार ने दी हैं।

सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि इस चुनाव में अपने भविष्य का सम्मान कर विकास का चयन करना है। सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि मोदी व योगी सरकार ने मूलभूत समस्याओं को समाप्त कर देश व प्रदेश का विकास किया है।

कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा प्रधानमंत्री ने दिया और उसे पूरा कर दिखाया। यह चुनाव 2022 के विधानसभा चुनाव की आहट है।

कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के बाद पहली कल्याणकारी सरकार जनता ने देखी है। मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि चौहान, राजभर समेत छोटी जातियों को भाजपा ने सम्मान दिया। राष्ट्रीय निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि छोटी जातियों के साथ 70 साल तक धोखा होता रहा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह व संचालन श्री निवास मणि ने किया।

शिक्षा राज्य मंत्री सतीश द्विवेदी, राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद, मंत्री श्रीराम चौहान, रविंद्र प्रताप मल्ल, मंत्री राधेश्याम सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक संजय यादव, आनंद शुक्ला, काली प्रसाद व केतकी सिंह, विभ्राट चंद्र कौशिक, नीरज शाही, सभा प्रभारी भूपेन्द्र सिंह, विजय दुबे, अनिरुद्ध मिश्र, महेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी