गोरखपुर के आधा दर्जन मोहल्‍लों से दूर हुई जलभराव की समस्‍या, एक क‍िलाेमीटर बनेगा नया नाला

गोरखपुर के आधा दर्जन से अध‍िक मोहल्‍लों को जलभराव से जल्द निजात मिलेगी। नगर निगम प्रशासन जलभराव दूर करने के लिए कच्चा नाला की खोदाई करा रहा है। तकरीबन एक किलोमीटर लंबाई में खोदा जा रहा नाला लहसड़ी नाले में मिलाया जाएगा।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 01:56 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 02:05 PM (IST)
गोरखपुर के आधा दर्जन मोहल्‍लों से दूर हुई जलभराव की समस्‍या, एक क‍िलाेमीटर बनेगा नया नाला
गोरखपुर के न‍िचले इलाके में लगा बरसात का पानी। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर के बडग़ो, सेंदुली बेंदुली, कजाकपुर समेत अन्य इलाकों के नागरिकों को जलभराव से जल्द निजात मिलेगी। नगर निगम प्रशासन जलभराव दूर करने के लिए कच्चा नाला की खोदाई करा रहा है। तकरीबन एक किलोमीटर लंबाई में खोदा जा रहा नाला लहसड़ी नाले में मिलाया जाएगा। यहां से पानी राप्ती नदी में चला जाएगा।

तीन फीट तक लग गया था पानी

रुस्तमपुर के आगे महुई सुघरपुर वार्ड के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या काफी पुरानी है। लगातार निर्माण कार्य चलने और जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण जलभराव हो रहा है। इस साल कई दिनों तक बारिश के बाद कई गलियों में दो से तीन फीट की ऊंचाई में पानी जमा है। नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद इन इलाकों के नागरिक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया। बताया कि तकरीबन एक किलोमीटर लंबाई में नाला की खोदाई होने के बाद पानी तेजी से निकल जाएगा।

वाहन रिश्तेदारों के यहां खड़े किए

बडग़ो, सेंदुली बेंदुली, कजाकपुर, मौलवी चक आदि इलाकों के कई नागरिकों ने जलभराव के कारण अपने वाहन रिश्तेदारों के घर खड़े किए हैं। कई ने बच्चों और बुजुर्गों को या तो गांव भेज दिया है या रिश्तेदारों के घर शिफ्ट कर दिया है। घरों में सांप-बिच्छू निकलने से भी नागरिक परेशान हैं।

स्वर्ण सिटी कालोनी में लगाए गए कई पंप

स्वर्ण सिटी कालोनी में रविवार को भी पंपिंग सेट बढ़ाए गए। नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद ने इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने पंपिंग सेट लगातार चलाते रहने के निर्देश दिए। कहा कि इलाके से जलनिकासी के स्थायी इंतजाम किए जाएंगे। नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश पर कार्ययोजना बनाई जा रही है।

सिंघडिय़ा मुख्य मार्ग किनारे जलकुंभी, हुई सफाई

सिंघडिय़ा मुख्य मार्ग पर पानी कम हुआ तो आधी सड़क तक जलकुंभी फैल गई। नगर आयुक्त के निर्देश पर रविवार को नगर निगम की टीम ने जलकुंभी साफ कराई। सड़क किनारे से भारी मात्रा में पालीथिन भी निकाली गई है। पिछले हफ्ते बारिश के बाद सिंघडिय़ा इलाके में जलभराव हो गया था। पानी घुस जाने के कारण नागरिकों को घर छोड़कर भी जाना पड़ा था।

नगर निगम की टीम इलाके से पानी निकालने की कई दिनों से मशक्कत कर रही थी। रविवार को सिंघडिय़ा मुख्य मार्ग के किनारे से पानी तो निकला लेकिन आधी सड़क पर जलकुंभी फैलने से आवागमन में दिक्कत होने लगी। उपनगर आयुक्त संजय शुक्ल ने बताया कि सड़क पर फैल जलकुंभी हटाने के साथ ही जिन स्थानों पर जलभराव खत्म हो गया है वहां चूना का छिड़काव भी कराया गया।

chat bot
आपका साथी