कथा व्यास मोरारी बापू ने कहा, राम नाम की साधना से होती है वरदान की प्राप्ति

कथा व्यास मोरारी बापू ने बुद्ध स्थली कुशीनगर में अपनी रामकथा के दूसरे दिन भक्तों को राम कथा की महिमा बताई। उन्‍होंने कहा कि राम नाम के जप से शांति मिलती है। राम कथा सुनने से कामनाएं नष्ट हो जाती हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 07:02 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 07:02 AM (IST)
कथा व्यास मोरारी बापू ने कहा, राम नाम की साधना से होती है वरदान की प्राप्ति
कुशीनगर में कथा कहते कथा व्यास मोरारी बापू। - जागरण

कुशीनगर, अनिल कुमार त्रिपाठी। राम नाम महामंत्र है। राम नाम के जप से शांं‍ति मिलती है। राम कथा सुनने से कामनाएं नष्ट हो जाती हैं। कथा सुनते-सुनते व्यक्ति विश्राम को प्राप्त कर लेता है। राम नाम की साधना से वरदान की प्राप्ति होती है। राम नाम सुमिरन का फल आशीर्वाद रूप में मिलता है। प्रख्यात कथा व्यास मोरारी बापू ने बुद्ध स्थली कुशीनगर में अपनी रामकथा के दूसरे दिन भक्तों को राम कथा की महिमा बताई।

राम मंत्र हर किसी का मंगल करने वाला है

उन्होंने कहा कि राम मंत्र का कोई तोड़ नहीं। राम मंत्र मांगलिक है। हर किसी का मंगल करने वाला है। काल के काल भी राम मंत्र सुनकर लौट जाते हैं। गोस्वामी जी ने तो शिव की प्रेरणा से सहज भाषा में रामायण का संपादन कर उसे श्रीराम चरितमानस का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक राम हैं तब तक पुत्र, पुत्र है। हितैषी, हितैषी और मित्र, मित्र है। जब राम तत्व चला जाता है तब पुत्र, मित्र और हितैषी यमदूत लगने लगते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानघाट पर भगवान शिव ने माता पार्वती को रामकथा सुनाई। तीर्थराज प्रयाग में भारद्वाज मुनि ने याज्ञवल्क्य को रामकथा सुनाई। तीसरा उपासना घाट नीलगिरि पर्वत पर कागभुसुंडी ने गरुड़ को रामकथा सुनाई। शरणागति घाट पर गोस्वामी तुलसी दास जी ने साधु-संतों को रामकथा सुनाई।

राम तत्व आदि अनादि है

उन्होंने कलियुग में राम महामंत्र को तारक मंत्र बताया, जो जगत को तार रहा और तैरना सिखा रहा है। नाम के प्रभाव से ही जिसको विश्राम मिले वो राम है। राम तत्व आदि अनादि है। जब कोई नहीं था तब भी राम थे और आज भी राम हैं। राम नाम है जो बीज मंत्र भी है। राम के नाम से बड़ा कोई भजन नहीं है। राम नाम जाप करने से ध्यान, यज्ञ, पूजा और अर्चना हो जाती हैं। कथा व्यास ने कहा कि भारत भूमि पर भगवान भी आना चाहते हैं, फिर दूसरे के बारे में क्या सोचना।

chat bot
आपका साथी