संतकबीर नगर में सरेशाम मार डाला भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष को, लहराता रहा धारदार हथियार

बखिरा थाना क्षेत्र के एक गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पूर्व जिलाध्यक्ष की गांव के ही एक युवक ने सरेशाम धारदार हथियार से हमला करके नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित धारदार हथियार को कुछ देर हवा में लहराकर स्थानीय लोगों को डराता रहा।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 07:30 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 07:30 AM (IST)
संतकबीर नगर में सरेशाम मार डाला भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष को, लहराता रहा धारदार हथियार
भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय। फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : संतकबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के एक गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पूर्व जिलाध्यक्ष की गांव के ही एक युवक ने सरेशाम धारदार हथियार से हमला करके नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित धारदार हथियार (बांकी) को कुछ देर हवा में लहराकर स्थानीय लोगों को डराता रहा। बाद में वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बखिरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। हत्या की इस घटना से समूचे बखिरा थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है।

किसी काम से बखिरा-सहजनवां मार्ग पर गए थे लक्ष्‍मण

भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय (50) पुत्र रघुनंदन निवासी बौरव्यास शनिवार की देर शाम सात बजे अपने गांव से थोड़ा दूर बखिरा- सहजनवां मार्ग पर किसी काम से गए हुए थे। गांव में ही किराना की दुकान चलाने वाला एक युवक वहां पहुंचा और उसने धारदार हथियार (बांकी) से लक्ष्मण पांडेय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले व सिर में गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित बांकी लेकर लगभग एक घंटे तक लोगों को धमकाता रहा। बाद में किसी ने मामले की जानकारी बखिरा पुलिस को दी। थानेदार मनोज कुमार सिंह वहां पहुंचे तब तक आरोपित मौके से फरार हो गया। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की गठित टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सरेशाम हत्या की इस वारदात से बौरब्यास सहित समूचे बखिरा थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है।

जनहित के कार्यों को लेकर संघर्ष करते रहे लक्ष्‍मण

मृतक लक्ष्मण पांडेय किसान यूनियन के पुराने नेता थे। वह लगातार जनहित के कार्यों को लेकर संघर्ष भी करते रहे। किसान यूनियन के नेता की हत्या से भाकियू संगठन के लोगों में भी आक्रोश कायम है। घटना के बाद मौके पर मृतक के स्वजन पहुंच गए। स्वजन की तरफ से रात साढे नौ बजे तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी, इसके कारण मुकदमा पंजीकृत नहीं किया जा सका था। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, सीओ व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डा. कौस्तुभ, सीओ व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच रही है।

तहरीर मिलते ही दर्ज किया जाएगा मुकदमा

पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बखिरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत करते हुए जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी