चकरोड की भूमि पैमाइश के दौरान शुरू हुई मारपीट, छह लोग घायल

कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाने के गांव कोईंदी बुजुर्ग में कब्रिस्तान से सटे चकरोड की भूमि की पैमाइश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 01:10 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 01:10 PM (IST)
चकरोड की भूमि पैमाइश के दौरान शुरू हुई मारपीट, छह लोग घायल
भूमि पैमाइश के दौरान हुई मारपीट में कई लोग हुए घायल। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन : कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाने के गांव कोईंदी बुजुर्ग में कब्रिस्तान से सटे चकरोड की भूमि की पैमाइश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

चकरोड की पैमाइश के लिए निसार अंसारी ने दिया था प्रार्थना-पत्र

पुलिस के अनुसार गांव के बाहर कब्रिस्तान है। निसार अंसारी ने इससे सटे चकरोड की पैमाइश के लिए प्रार्थना-पत्र दिया था। दोपहर लगभग तीन बजे लेखपाल राधेश्याम मणि इसकी पैमाइश कर रहे थे। जानकारी होने पर गांव के 62 वर्षीय ईश्वर देव शर्मा उनके बेटे 21 वर्षीय अमन व 18 वर्षीय पवन पहुंचे। पिता-पुत्र ने गांव के लोगों की मौजूदगी में पैमाइश कराए जाने की मांग की। इसी बीच निसार का भतीजा आबिद खूंटा लगाने लगा। ईश्वर देव के विरोध करने पर कहासुनी होने लगी।

माहौल बिगड़ा तो लाठी-डंडे से किया हमला

थोड़ी ही देर में माहौल बिगड़ गया और आबिद, साजिद, रूस्तम, नौशाद आदि ने ईश्वर देव व उनके बच्चों पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। जिससे पिता-पुत्र लहूलुहान हो गए। बचाव के दौरान दूसरे पक्ष के आबिद, साजिद, रुस्तम को भी चोट आई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में गांव के लोग आ गए, तब जाकर मामला शांत हुआ। लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी तमकुहीराज ले जाया गया। विवाद की सूचना पर चौकी प्रभारी सुनील सिंह गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। कानून तोड़ने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

बाइक की ठोकर से अधेड़ घायल

अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के खोठ्ठा चौराहे पर बाइक की ठोकर से अधेड़ घायल हो गए। स्वजन अस्पताल ले गए, वहां उनका इलाज चल रहा है। डाक्टर ने हालत गंभीर बताई है। बाइक चालक पुलिस हिरासत में है। खोठ्ठा निवासी 45 वर्षीय सुंदर पासवान पैदल ही गांव के चौराहे पर गए थे। इसी बीच पीछे से आई बाइक ने ठोकर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। चौराहे के लोगों ने इसकी सूचना स्वजन को दी। स्वजन आनन-फानन पिपराइच स्थित अस्पताल ले गए, वहां उनका इलाज चल रहा है। डाक्टर बिपन के अनुसार गले की हड्डी टूट गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि बाइक चालक हिरासत में है, आगे नियमानुसार कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी