चिड़‍ियाघर में बढ़ने लगा वन्यजीवों का कुनबा, हिरन व सेही ने नन्हे मेहमानों को दिया जन्म

शहीद अशफाक उल्‍ला खां प्राणि उद्यान (चिडियाघर) में रखे गए वन्‍यजीवों का कुनबा बढने लगा है। सेही और सांभर ने बच्‍चों को जन्‍म दिया है। नन्‍हें मेहमान चिडियाघर आने वालों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। चिडियाघर प्रशासन गंभीरता से उनकी देखभाल कर रहा है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Sat, 04 Sep 2021 05:10 PM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 05:10 PM (IST)
चिड़‍ियाघर में बढ़ने लगा वन्यजीवों का कुनबा, हिरन व सेही ने नन्हे मेहमानों को दिया जन्म
चिडियाघर में नवजात बच्‍चे के साथ सांभर। जागरण

गोरखपुर, जितेंद्र पांडेय। शहीद अशफाक उल्‍ला खां प्राणि उद्यान (चिडिय़ाघर) में वन्यजीवों का कुनबा बढ़ रहा है। हिरन व सेही ने नन्हे मेहमानों को जन्म दिया है तो चिडिय़ा बजरीगर, लव बर्ड, मस्कोवी डक ने भी अंडे दिये हैं। इस समय कुल करीब 15 नन्हे मेहमान चिडिय़ाघर में मौजूद हैं। मां के साथ उनका खेलना, सेही का शरमाना लोगों को बेहद भा रहा है।

चिडिय़ाघर में लाए गए थे 150 वन्‍यजीव अब हो गई 180

बीते मार्च माह में उद्घाटन के दौरान चिडिय़ाघर में करीब 150 वन्यजीव मौजूद थे। पिछले पांच माह में कुछ वन्य जीवों ने नन्हे मेहमानों को जन्म दिया तो कुछ वन्यजीव बाहर से लाए गए। इसकी देन है कि इस समय चिडिय़ाघर में वन्यजीवों की संख्या करीब 180 हो गई है।

नन्‍हें मेहमान कर रहे लोगों का मनोरंजन

चिडिय़ाघर आने वाले लोगों का सर्वाधिक ध्यान नन्हे मेहमानों पर होता है। लोग इन मेहमानों की हरकत को गंभीरता से देखते हैं। कोई नन्हा हिरन अपनी मां के पीछे भागता है तो कोई अपने समुदाय के बड़े वन्यजीवों के साथ खेलने में मगन हैं। उनकी अदाएं लोगों को बेहद भा रही हैं। बता दें चिडिय़ा घर में सांभर हिरन ने दो, कांकड़ ने एक, सेही ने दो बच्चों को जन्म दिया है। इसके अलावा लवबर्ड ने एक, बजरीगर ने आठ, मस्कोवी डक ने तीन अंडे दिये थे। अंडों से नन्हीं चिडिय़ा भी बाहर आ चुकी है और वह 15 दिन से अधिक की हो चुकी है।

अनुकूल आबोहवा की वजह से बढ रहा वन्‍यजीवों को परिवार

चिडिय़ाघर प्रशासन का मानना है कि नन्हे मेहमानों का जन्म व उनका स्वस्थ रहना इस बात का प्रतीक है कि यहां उनकी देखरेख व आबोहवा पर उचित ध्यान दिया गया है। यहां अन्य वन्यजीवों का प्रजनन हो सकता है।

सभी वन्‍यजीवों पर दिया जा रहा पूरा ध्‍यान

चिडियाघर के पशु चिकित्‍साधिकारी डा. योगेश प्रताप सिंह बताते हैं कि नन्हे मेहमानों के साथ-साथ सभी वन्यजीवों पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। सभी वन्यजीव पूरी तरह से स्वस्थ व सुरक्षित हैं। भालू व अन्य वन्यजीवों के बाड़े में भी याराना माहौल है। वहां से भी अच्छे नतीजे आने की उम्मीद है।

वन्‍यजीवों का बढना शुभ संकेत

चिडियाघर के निदेशक डा. एच राजामोहन कहते हैं कि चिडिय़ाघर में लगातार वन्यजीवों का बढऩा शुभ संकेत है। यहां का वातावरण उन्हें भा रहा है। नन्हें मेहमानों के साथ ही सभी वन्‍यजीवों पर चिडिय़ाघर प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है।

chat bot
आपका साथी