राष्‍ट्रपति के आगमन पर साफ-सुथरा दिखेगा शहर, जहां नहीं जाएंगे वहां भी होती रहेगी सफाई

प्रदेश के पहले आयुष विश्‍वविद्यालय का शिलान्‍यास करने के लिए राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविन्‍द 28 अगस्‍त को गोरखपुर आ रहे हैं। इस दिन पूरा शहर साफ-सुथरा दिखेगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन सफाई का अभियान शुरू किया है। पुरा शहर साफ-सुथरा बनाने का लक्ष्‍य है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Sat, 21 Aug 2021 02:10 PM (IST) Updated:Sat, 21 Aug 2021 02:13 PM (IST)
राष्‍ट्रपति के आगमन पर साफ-सुथरा दिखेगा शहर, जहां नहीं जाएंगे वहां भी होती रहेगी सफाई
राष्‍ट्रपति के कार्यक्रम स्‍थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन सोनबरसा तक सफाई कराएगा। जिन स्थानों पर राष्ट्रपति नहीं जाएंगे वहां भी सफाई व्यवस्था पूरी चौकस रखी जाएगी। श्री गुरु गोरक्षनाथ मेडिकल कालेज परिसर में दो पालियों में 48-48 सफाईकर्मी 28 अगस्त तक सफाई कार्य करेंगे। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नौसढ़ से सोनबरसा तक के क्षेत्र को 45 सेक्टर में बांटा गया है।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सभी अफसरों व सुपरवाइजरों तथा मेठ की जिम्मेदारी तय कर दी है। शुक्रवार से सफाई अभियान शुरू भी कर दिया गया। नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले सोनबरसा स्थित श्री गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय के परिसर की विशेष सफाई कराई जा रही है। नगर आयुक्त ने बताया कि सुपरवाइजर और कार्यवाहक मेठ 10 सफाईकर्मियों व वाहनों के साथ सुबह आठ बजे से मैजिक व ट्रैक्टर ट्राली के साथ निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहेंगे।

फर्टिलाइजर हेलीपैड तक भी चलेगा अभियान

राष्ट्रपति के तीनों हेलीकाप्टर आयुष विश्वविद्यालय के पास उतारने की तैयारी तेजी से चल रही है लेकिन विपरीत परिस्थितियों में हेलीकाप्टर फर्टिलाइजर में भी उतारा जा सकता है। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने उर्वरक नगर बाजार तिराहा से फर्टिलाइजर हेलीपैड तक विशेष सफाई अभियान चलाएगा। विकास नगर रेलवे क्रासिंग से फर्टिलाइजर गेट तक, फर्टिलाइजर गेट से उर्वरक नगर बाजार तिराहा तक और उर्वरक नगर बाजार तिराहा से फर्टिलाइजर हेलीपैड तक दो-दो सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है।

नगर आयुक्त ने पहनी सफाईकर्मियों की वर्दी, बढ़ाया मनोबल

नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शुक्रवार को सफाईकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए खुद सफाईकर्मियों की वर्दी पहनी। उनके साथ प्रभारी अपर नगर आयुक्त संजय शुक्ल, मुख्य अभियंता डा. मुकेश रस्तोगी ने भी सफाईकर्मियों की वर्दी पहनी। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाईकर्मी सुबह से देर रात तक शहर को साफ-सुथरा बनाने में जुटे रहते हैं। कोरोना संक्रमण काल में तो इनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। सफाईकर्मियों के साथ सभी को अच्छे से पेश आना चाहिए और सफाई व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। इस दौरान जलकल महाप्रबंधक एसपी श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, संजय वर्मा, अखिलेश श्रीवास्तव, रामविजय पाल, बृजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी