गोरखपुर के महापौर के पास आया फोन, कहा-आधे दाम पर खरीद लीजिए सोना

सोना देने का लालच देने वाले गिरोह ने महापौर सीताराम जायसवाल को भी अपनी बातों में फंसाने की कोशिश की। महापौर को राजस्थान आकर आधे दाम पर सोना खरीदने की पेशकश की। महापौर ने अपने सुरक्षाकर्मी को भेजने की बात की।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 04:50 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 04:50 PM (IST)
गोरखपुर के महापौर के पास आया फोन, कहा-आधे दाम पर खरीद लीजिए सोना
सोना का लालच देने वाले गिरोह ने महापौर के पास किया फोन। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : सोना देने का लालच देने वाले गिरोह ने महापौर सीताराम जायसवाल को भी अपनी बातों में फंसाने की कोशिश की। महापौर को राजस्थान आकर आधे दाम पर सोना खरीदने की पेशकश की। महापौर ने अपने सुरक्षाकर्मी को भेजने की बात की तो उसने अकेले आने की बात कह कर काल काट दी।

दोपहर एक बजे के करीब आया फोन

दोपहर तकरीबन एक बजे महापौर नगर निगम के रास्ते में थे। इसी बीच एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया। कहा कि वह खेत जोत रहा था। अचानक खेत में से मिट्टी का घड़ा निकला। घड़े को खोला तो उसमें सोना भरा था। वह बाजार मूल्य से आधे कीमत पर सोना बेचने को तैयार है, इसके लिए राजस्थान आना होगा। पुलिस को किसी भी कीमत पर जानकारी न देने की भी बात वह कहता रहा। महापौर ने उससे कहा कि वह सोना राजस्थान में ही क्यों नहीं बेच देता, उसे पूरा दाम मिल जाएगा। झांसे में लेने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह बहुत गरीब है, यदि वह सोना बेचने गया तो पुलिस पकड़ लेगी। महापौर ने कहा कि वह खुद नहीं आ सकते, अपने सुरक्षाकर्मी को भेज रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया।

विवाहिता की मौत, भाई ने हत्या का लगाया आरोप

उरुवा के नरायनपुर की 24 वर्षीय पूजा की मौत हो गई। उसके भाई व गोला के गोपालपुर निवासी रवि ने ससुराल के लोगों पर प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ससुराल वाले बीमारी का बहाना बना रहे हैं। पूजा की शादी चार वर्ष पूर्व नरायनपुर निवासी एक युवक से हुई थी। उसके पति के मुताबिक रात एक बजे पूजा की तबीयत खराब हुई। उसे गोरखपुर के एक निजी अस्‍पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष उरुवा दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि भाई ने प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी