दबंगों ने बरातियों व घरातियों को पीटा, पुलिस ने कराई शादी

कुशीनगर पटहेरवा थाने के रजवटिया गांव में छेड़खानी को लेकर हुआ विवाद दूल्हा-दुल्हन समेत पिता व भाई घायल घटना के बाद वापस चली गई बरात घायलों का हुआ इलाज पुलिस के प्रयास से शादी के बाद हुई दुल्हन की विदाई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 09:45 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 09:45 PM (IST)
दबंगों ने बरातियों व घरातियों को पीटा, पुलिस ने कराई शादी
दबंगों ने बरातियों व घरातियों को पीटा, पुलिस ने कराई शादी

कुशीनगर: पटहेरवा थाना के गांव रजवटिया में शुक्रवार की रात तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव ब्रम्हपुर से आई बरात में दबंग युवकों ने मारपीट की। घटना में बराती व घराती घायल हो गए। बाराती बिना भोजन किए ही वापस लौट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को रोककर शादी की रस्म पूरी कराई। इसके बाद दुल्हन की विदाई हुई।

उक्त गांव के रूदल प्रजापति की बेटी गुंजन की शादी थी। बारात आई थी। बरातियों को नाश्ता कराने के बाद लड़की पक्ष द्वारा जयमाला का कार्यक्रम कराया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ दबंग युवकों ने बरात में आई लड़कियों से छेड़खानी की। इसका घराती व बरातियों ने विरोध किया। इसके बाद युवकों के समूह ने बरातियों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव में घराती सहित दूल्हा-दुल्हन भी घायल हो गए। दबंगों ने दूल्हा के पिता शम्भू प्रजापति व भाई आशीष को पीटकर लहूलुहान कर दिया। आधा दर्जन बराती व घराती घायल हो गए। पुलिस ने दो एंबुलेंस से घायलों को सीएससी फाजिलनगर इलाज के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दबंगों ने खाना भी दरवाजे पर ही पलट दिया था। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि आधा दर्जन युवकों के खिलाफ तहरीर मिली है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

पटहेरवा थाना क्षेत्र के बिदवलिया गांव में गुरुवार की रात चुनावी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान शुक्रवार की देर शाम मौत हो गई। मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

घटना के दिन नथुनी निषाद के स्वजन घर में थे, उसी दौरान दर्जन भर लोग पहुंचे और मारपीट करने लगे। पिटाई से नथुनी की पत्नी रमावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्वजन फाजिलनगर सीएचसी ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से मेडिकल कालेज गोरखपुर भेज दिया गया था।

chat bot
आपका साथी