शादी में भी गोलमाल, नकली आभूषण लेकर शादी करने पहुचेे दूल्हा व बरातियों को बनाया बंधक

शादी में नकली आभूषण लेकर आने पर लड़की पक्ष ने दूल्हा समेत बरातियों को बंधक बना लिया। भोर में पहुंची पुलिस ने दूल्हे के पिता व भाई को हिरासत में ले लिया। जबकि बंधक बनाए गए दूल्हे को 12 घंटे बाद पुलिस ने किसी तरह मुक्त कराया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 07:02 AM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 09:12 AM (IST)
शादी में भी गोलमाल, नकली आभूषण लेकर शादी करने पहुचेे दूल्हा व बरातियों को बनाया बंधक
यूपी के देवरिया में नकली जेवर लेकर शादी करने पहुंचे बरातियों को बंधा बना लिया गया। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के खरवनिया में शुक्रवार की रात बिहार से आई एक बरात में कन्या निरीक्षण (गुरहथन) के दौरान दूल्हन को नकली आभूषण देने को लेकर बवाल हो गया। लड़की पक्ष ने दूल्हा समेत बरातियों को बंधक बना लिया। भोर में पहुंची पुलिस ने दूल्हे के पिता व भाई को हिरासत में ले लिया। जबकि बंधक बनाए गए दूल्हे को 12 घंटे बाद पुलिस ने किसी तरह मुक्त कराया। घंटों थाने में पंचायत चली। लेकिन लड़की पक्ष ने शादी करने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद बिना शादी के ही बरात बैरंग बिहार लौट गई। इस बरात की दिन भर चर्चा क्षेत्र में होती रही। 

बिहार से आई थी बरात

लार थाना क्षेत्र के खरवनिया के रहने वाले तेज बहादुर राजभर ने अपनी बेटी मीनू की शादी पड़ोसी प्रांत बिहार के सिवान जनपद के मैरवा थाना क्षेत्र के कबीरपुर के रहने वाले रामनक्षत्र राजभर के बेटे धर्मेंद्र से तय किया। शुक्रवार की रात बरात आई। द्वारपूजा के दौरान बरातियों का लड़की पक्ष ने जोरदार स्वागत किया। लेकिन गुरहथन के दौरान नकली आभूषण लड़के पक्ष द्वारा दे दिया गया। जिसके बाद अन्य बरातियों को छोड़ दूल्हे के पिता, दूल्हे के भाई व दूल्हे को लोगों ने बंधक बना लिया।

भोर में लार पुलिस पहुंची और किसी तरह दूल्हे के पिता व भाई को हिरासत में लेकर थाने आई। जबकि दूल्हे को देने से लड़की पक्ष ने इन्कार कर दिया। लड़की पक्ष का कहना था कि दहेज में ली गई 1 लाख 80 हजार रुपये की रकम वापस की जाए। इसके बाद ही दूल्हे को जाने दिया जाएगा। काफी प्रयास के बाद लगभग 12 घंटे बाद पुलिस ने दूल्हे को भी मुक्त करा लिया। इसके बाद थाने में पंचायत हुई। जिसमें तय हुआ कि चार दिनों के अंदर लड़का पक्ष पूरी रकम वापस कर देगा। इसके बाद सभी को पुलिस ने छोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने कहा कि दोनों पक्ष तैयार हो गए हैं। इसलिए दोनों पक्षों को छोड़ दिया गया है। 

दरवाजे से लौटी बरात, पूरी रात सिसकती रही मीनू 

दो भाईयों की इकलौती बहन मीनू बहुत ही होनहार और सुशील है। जब उसकी शादी तय हुई तभी से वह तरह-तरह का सपना अपने जेहन में संजाेने लगी, लेकिन उसका सपना तब अधूरा रह गया, जब दूल्हे के स्वजन ने शादी के पहले ही धोखा दे दिया। पूरी रात मीनू आंखों में आंसू लेकर सिसकती रही। चंद मिनट बाद जिससे उसको सात फेरे लेना था, जिसको कुछ देर पहले वरमाला पहनाई थी, वह उसके सामने बंधक बना हुआ था। कभी दूल्हे को देखती तो कभी अपने पिता व भाई को। 

सोनार ने तय किया आभूषण है नकली 

कन्या निरीक्षण के दौरान आभूषण गड़बड़ नजर आने के बाद लोगों ने सोनार को बुला लिया, उसने जांच की। जांच में उसने नकली साबित कर दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

chat bot
आपका साथी