Coronavirus in Gorakhpur: गोरखपुर में युवाओं ने बनाई आटो एंबुलेंस, घाट तक निश्शुल्क पहुंचाएगे संक्रमित शव

ट्रस्ट के सदस्य विक्रमादित्य नारायण सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा के पीछे की सीट को हटाकर एक व्यक्ति को लिटाने के लिए जगह बनाई गई है। यह सेवा पूरी तरह निश्शुल्क होगी। इसका नाम स्वर्ग रथ आटो एंबुलेंस रखा गया है।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 03:05 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 03:05 PM (IST)
Coronavirus in Gorakhpur: गोरखपुर में युवाओं ने बनाई आटो एंबुलेंस, घाट तक निश्शुल्क पहुंचाएगे संक्रमित शव
संक्रमित शव के बारे में फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का खौफ इस कदर लोगों के अंदर समाया है कि मौत के बाद शव को श्मशान ले जाने का इंतजाम तक नहीं हो पा रहा है। गांव हो या शहर कही कोई व्यक्ति सहयोग करने नहीं आ रहा है। ऐसे में कोई ठेले तो कोई रिक्शे पर कोरोना संक्रमित मृतक का शव लेकर श्मशान घाट पहुंच रहा है। कई ऐसे भी  थे जिन्हें कंधा भी नसीब नहीं हुआ। उनका अंतिम संस्कार नगर निगम की कूड़ा गाडिय़ों से पहुंचाकर किया गया। कई जगहों पर एंबुलेंस की ओवर चार्जिंग लोगों की जेब पर डाका डाल रही है। ऐसे ही परेशान, निर्धन व असहाय लोगों की मदद के लिए नवभारत निर्माण ट्रस्ट ने स्वर्ग रथ निकाला है। जो शवों को अंतिम संस्कार के लिए निश्शुल्क राजघाट पहुंचाएगा। इसकी शुरुआत ईद के दिन से हो गई है।

मृतक के परिजनों से राशन कार्ड दिखाना अनिवार्य

ट्रस्ट के सदस्य विक्रमादित्य नारायण सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा के पीछे की सीट को हटाकर एक व्यक्ति को लिटाने के लिए जगह बनाई गई है। यह सेवा पूरी तरह निश्शुल्क होगी। इसका नाम स्वर्ग रथ आटो एंबुलेंस रखा गया है। उन्होंने बताया कि उनके साथ इस अभियान में शामिल सचिन गुप्ता, अहमद जमा और अमित चौधरी ने स्वर्ग रथ का गलत उपयोग न हो इसके लिए कुछ शर्ते भी रखी हैं। मृतक के परिजनों को राशनकार्ड या उसका फोटो दिखाना जरूरी है। यह सेवा सुबह 11 से 3 बजे तक तथा शाम 7 से 11 बजे तक दी जाएगी।

स्वर्ग रथ के लिए इन नंबरों पर करें फोन

नवभारत निर्माण ट्रस्ट ने स्वर्ग रथ के लिए दो नंबर जारी किए हैं। इन हेल्पलाइन नंबरों  8577074444, 8112401234 पर मृतक के परिजन फोन कर इस सेवा का उपयोग कर सकते हैं।

आक्सीजन व मरीज को भर्ती कराने में भी कर रहे मदद

ट्रस्ट के घंटी बजाओ मुहिम के तहत यह पहल की गई है। विक्रमादित्य के अनुसार उनकी टीम अन्य जिले सिद्धार्थनगर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती और महाराजगंज में भी अलग-अलग हेल्पलाइन नंबरों पर मौजूद है। जो मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने और उन्हें आक्सीजन दिलवाने समेत इलाज करवाने तक की मदद कर रही है। साथ ही डाक्टर के नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जो बीमार मरीजों की टेलिफोनिक मदद करेंगे। 

ये हैं टीम के सदस्य

ग्रुप में दिव्यम मिश्र, रागिनी गया, अमित चौधरी, हर्षिता श्रीवास्तव, आकाश कुमार, कहकशां सिद्दकी, सचिन गुप्ता सदस्य के रूप में शामिल हैं। जो कोरोनाकाल में लोगों की मदद कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी