प्रदेश सरकार के पूरे हुए साढ़े चार साल, जानिए क्या बोले प्रभारी मंत्री

प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले साढ़े चार सालों में रामराज्य की परिकल्पना साकार हुई है। गोरखपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में विकास कार्य हुए हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 03:37 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 03:37 PM (IST)
प्रदेश सरकार के पूरे हुए साढ़े चार साल, जानिए क्या बोले प्रभारी मंत्री
सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता करते रमापति शास्त्री। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री ने प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले साढ़े चार सालों में रामराज्य की परिकल्पना साकार हुई है। गोरखपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में विकास कार्य हुए हैं। कानून व्यवस्था दुरुस्त हुई है और माफिया पर लगाम कसा गया।

मुख्यमंत्री के प्रशासनिक कौशल से विकास का मार्ग हुआ प्रशस्त

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूर द्ष्टि एवं प्रशासनिक कौशल से प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान के हित में कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। चिकित्सा संस्थानों की स्थापना एवं संचालन में प्रदेश अग्रणी है। एक जिला एक उत्पाद योजना की परिकल्पना को राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा मिली है। हर जिले के उत्पादों को नया बाजार मिला है और शिल्पकारों की आय में वृद्धि हुई है। गोरखपुर जिले का निरंतर विकास हो रहा है। यहां करोड़ों रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है और करीब 300 परियोजनाएं दिसंबर तक पूरी कर ली जाएंगी।

फर्टिलाइजर एवं प्राणी उद्यान के रूप में मिली बड़ी सौगातें

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), फर्टिलाइजर एवं प्राणी उद्यान के रूप में गोरखपुर को बड़ी सौगातें मिली हैं। प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय भी गोरखपुर में स्थापित होगा। प्रभारी मंत्री ने बताया कि गोरखपुर जिले में कोरोना से बचाव के लिए 18 लाख 87 हजार 246 लोगों को टीके का प्रथम डोज लगाया जा चुका है। चार लाख 69 हजार 517 लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत तीन लाख 48 हजार 590 लोगों का गोल्डेन कार्ड बनाया गया है। सौभाग्य योजना के तहत बिजली के एक लाख 13 हजार 44 कनेक्शन लगाए गए हैं। बाढ़ आपदा के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया गया। पिछली सरकारों में जहां थोड़ी मात्रा में राहत सामग्री दी जाती थी, वहीं इस बार दो बड़े पैकेट में राहत सामग्री दी गई है। एक लाख 10 हजार से अधिक लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया जा चुका है।

समाज कल्याण विभाग ने कराया 1841 जोड़ों का विवाह

समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1841 जोड़ों का विवाह कराया गया। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 29460 बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 14207 समूहों का गठन कर महिलाओं को रोजगार प्रदान किया गया। पिछले साढ़े चार सालों में करीब 5.84 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के करीब 68 हजार जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। जिले में बाढ़ से सुरक्षा के लिए करीब 153 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कराया जा रहा है। जिले में बड़े पैमाने पर लोगों को रोजगार भी मिला है। 70 रोजगार मेला के जरिए 19 हजार 808 युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल क्षेत्र का विकास किया गया है, यह क्षेत्र पर्यटन की द्ष्टि से अब लोगों की पहली पसंद है। सैनिक स्कूल की स्थापना करीब 153 करोड़ रुपये की लागत से की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने गोरखपुर में चल रही अन्य परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी