गोरखपुर में 100 ग्राम पंचायतों में विकसित होंगे खेल मैदान, ज‍िला प्रशासन ने शुरू की तैयारी

ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान विकसित करने के लिए सभी ब्लाकों में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत गोरखपुर की सौ ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान तैयार क‍िए जाएंगे।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 02:50 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 02:50 PM (IST)
गोरखपुर में 100 ग्राम पंचायतों में विकसित होंगे खेल मैदान, ज‍िला प्रशासन ने शुरू की तैयारी
गोरखपुर के सौ गांवों में खेल के मैदान बनाए जाएंगे। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले की 100 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के जरिए खेल मैदान विकसित किए जाएंगे और इससे लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल सकेगा। हर ब्लाक से पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। खेल मैदान को विकसित करने से एक लाख 42 हजार मानव दिवसों का सृजन होगा। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने खेल मैदानों को विकसित करने की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। 30 अक्टूबर तक काम पूरा करना होगा।

ऐसे होगा काम

ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान विकसित करने के लिए सभी ब्लाकों में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ब्लाक में तैनात अवर अभियंता या तकनीकी सहायक से प्रस्ताव तैयार कराकर ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना में शामिल करते हुए उपायुक्त श्रम रोजगार को 23 सितंबर तक सूचना उपलब्ध करानी होगी और इसका क्रियान्वयन भी कराना होगा। खेल मैदान विकास परियोजना के तहत सभी बीडीओ, अवर अभियंता, तकनीकी सहायक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी कराया जाएगा। जिला स्तर पर इस योजना के लिए उपायुक्त श्रम रोजगार नोडल अधिकारी होंगे। खेल मैदान का काम शुरू होने, काम होते हुए तथा कार्य समाप्त होने के बाद फोटोग्राफ के साथ रिपोर्ट देनी होगी।

महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता

खेल मैदान विकास कार्य में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। महिलाओं को कार्यस्थल पर लाने के लिए बीडीओ को जिम्मेदारी दी जाएगी। रोजगार सेवक यह सुनिश्चित करेगा कि अधिक से अधिक महिलाएं खेल मैदान विकसित किए जाने वाले अभियान में कार्य करें। यदि महिलाओं के जाब कार्ड जारी नहीं किए गए हैं और उनका बैंक में खाता नहीं खुला है तो जाब कार्ड जारी कर खाता खुलवाया जाएगा।

इन खेलों की होगी व्यवस्था

खेल मैदान में रनिंग ट्रैक, वालीबाल कोर्ट, कुश्ती, कबड्डी एवं अन्य स्थानीय खेलों की व्यवस्था होगी। नवंबर एवं दिसंबर महीने में युवा कल्याण अधिकारी सभी खेल मैदान में खेल महोत्सव का आयोजन कराएंगे।

जिले की 100 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। मैदान में रन‍िंग ट्रैक, वालीबाल कोर्ट, कुश्ती, कबड्डी एवं अन्य स्थानीय खेलों की व्यवस्था होगी। खेल मैदानों को विकसित करने से बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। अक्टूबर में सभी मैदान तैयार करने होंगे और नवंबर तथा दिसंबर में खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। - विजय किरन आनंद, जिलाधिकारी।

chat bot
आपका साथी