सरयू की कटान तेज, बंधे तक पहुंची नदी

खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर नीचे बह रही सरयू नदी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 06:20 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 06:20 AM (IST)
सरयू की कटान तेज, बंधे तक पहुंची नदी
सरयू की कटान तेज, बंधे तक पहुंची नदी

संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी तुर्कवलिया गांव के पास तेजी से कटान कर रही है। नदी कटान करते हुए गांव के पास स्थित एमबीडी बंधे के पास पहुंच गई है। हालांकि ड्रैनेज खंड के कर्मी कटान रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। इससे बंधे पर खतरा मंडरा रहा है। बंधे के आसपास के ग्रामीणों में दहशत है।

सरयू नदी का जलस्तर गुरुवार को 78.400 मीटर था। वहीं, इसका जलस्तर शुक्रवार को 20 सेंटीमीटर बढ़कर 78.600 मीटर पर पहुंच गया। तुर्कवलिया गेज के पास नदी का खतरे का निशान 79.350 मीटर है। वर्तमान में यह नदी खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। नदी कटान करते हुए तुर्कवलिया गांव के निकट स्थित एमबीडी बंधे के बहुत करीब पहुंच गई है। इससे इस बंधे को खतरा उत्पन्न हो गया है। वर्ष 2013 में नदी कटान करते हुए 1600 मीटर बंधे को काट दी थी। वहीं तमाम किसानों की फसल नदी की धारा में समा गई थी। दो मंजिला मकान वाले मालिक घर से बेघर हो गए थे। इनके घर भी नदी की धारा में समा गए थे। यही स्थिति पुन: आ गई है। नदी जिस तरह कटान करते हुए बंधे की तरफ बढ़ रही है, यदि यही स्थिति आगे रही तो एमबीडी बंधा कभी भी कट सकता है। तुर्कवलिया गांव के निवासी राजेंद्र, बाबूराम, सुरेंद्र, बलिकरण आदि लोगों का कहना है कि ड्रैनेज खंड के कर्मी बंधा बचाव के नाम पर आसपास बसे गांवों के ग्रामीणों के साथ मजाक कर रहे हैं। बालू से भरी बोरी, बंबू कैरेट के सहारे बंधे को बचाने में लगे हैं। फिलहाल यह कोशिश नाकाम साबित हो रही है। कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि ड्रैनेज खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने कहा कि एमबीडी बंधे को कटान से बचाने के लिए प्रयास जारी है। बंधे को किसी भी दशा में कटने नहीं दिया जाएगा। एमबीडी बंधा कटा तो सड़क पर उतरेंगे सपाई : एमएलसी

विधान परिषद सदस्य संतोष उर्फ सनी यादव ने शुक्रवार को धनघटा तहसील क्षेत्र के तुर्कवलिया गांव के पास हो रहे कटान का जायजा लिया। एमबीडी बंधे को बचाने के लिए ड्रैनेज खंड के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। सपा नेता ने गांव के लोगों से बातचीत की। इसके अलावा ड्रैनेज खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार से कहा कि बंधे को बचाने में कोई कोर कसर न छोड़ें। वह और उनकी पार्टी जनता के सहयोग के लिए खड़ी है। किसी भी दशा में बंधा नहीं कटना चाहिए। इसके लिए ठोस पहल की जाए। यदि लापरवाही के चलते एमबीडी बंधा कटा और लोगों के घर, खेती बर्बाद हुई तो सपाई खामोश नहीं रहेंगे। शासन व प्रशासन के खिलाफ सपाई सड़क पर उतरेंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान, राजमन यादव, लाल बहादुर यादव, शैलेंद्र यादव, संत यादव, संजय यादव, दिलीप,सूर्यदेव यादव आदि लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी