एमबीडी बंधे के पास कटान कर रही सरयू

नदी का जलस्तर घटने से बढ़ी दिक्कत एक किमी तक बढ़ा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 11:04 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 06:30 AM (IST)
एमबीडी बंधे के पास कटान कर रही सरयू
एमबीडी बंधे के पास कटान कर रही सरयू

संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से घटता जा रहा है। इसकी वजह से कटान में तेजी आ गई है। तुर्कवलिया गांव स्थित एमबीडी बंधे के पास नदी एक किमी के दायरे में तेजी से कटान कर रही है। बंधे को बचाने के लिए पहले जो बोल्डर बिछाए गए थे, उनमें से अधिकांश सरयू नदी में समा गए हैं। कटान रोकने के लिए दोबारा बोल्डर बिछाने की तैयारी चल रही है। फिलहाल विभागीय कर्मी कटान रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इससे बंधे पर खतरा बरकरार हैं। बंधे के आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं।

क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर गुरुवार को 78.200 मीटर था। जबकि शुक्रवार को नदी का जलस्तर घटकर 78.100 मीटर पर पहुंच गया है। खतरे के निशान से नदी 1.25 मीटर नीचे बह रही है। पिछले कई दिनों से जलस्तर में गिरावट की वजह से नदी तुर्कवलिया गांव स्थित एमबीडी बांध के पास एक किमी के दायरे में तेजी से कटान कर रही है। इसके चलते कई किसानों की कृषि योग्य भूमि नदी में समा गई। किसानों के माथे पर चिता की लकीर खींच उठी है। उन्हें भविष्य की चिता सता रही है। एमबीडी बंधे को बचाने के लिए पूर्व में बाढ़ खंड के कर्मी बोल्डर बिछाए थे। कटान के चलते बिछाए गए तमाम बोल्डर नदी में समा गए। विभागीय कर्मी बंधे के पास पुन: बोल्डर बिछाने की तैयारी कर रहे हैं। तुर्कवलिया गांव निवासी वीरेंद्र, राजेंद्र, संदीप, शुभम, गुरुचरण, संवारे आदि लोगों का कहना है कि कई किसानों के खेत नदी की धारा में समा गए। बंधा के पास नदी तेजी से कटान कर रही है। यदि यह बंधा कटा तो उनके मकान नदी में समा जाएंगे। वे लोग घर से बेघर हो जाएंगे। ग्रामीण अपने व परिवार के सदस्यों के भविष्य को लेकर चितित हैं। एक्सईएन ने कटान स्थल का किया निरीक्षण

बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने शुक्रवार को तुर्कवलिया गांव स्थित एमबीडी बंधे के पास हो रहे कटान का जायजा लिया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि वे कटान और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखें। बंधे को कोई क्षति न पहुंचे, इसके लिए सभी कर्मी बचाव कार्य के लिए तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि बंधे के आसपास के गांवों की सुरक्षा के लिए उनके विभाग के कर्मी संवेदनशील हैं।

chat bot
आपका साथी