FASTag लेन पर सन्‍नाटा, कैश लेन पर एक किलोमीटर लंबा जाम Gorakhpur News

FASTag अनिवार्य करने के पहले ही दिन टोल प्‍लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गोरखपुर के तेंदुआ टोल प्लाजा पर रविवार सुबह से ही भीषण जाम लग गया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 01:56 PM (IST) Updated:Mon, 16 Dec 2019 12:11 PM (IST)
FASTag लेन पर सन्‍नाटा, कैश लेन पर एक किलोमीटर लंबा जाम Gorakhpur News
FASTag लेन पर सन्‍नाटा, कैश लेन पर एक किलोमीटर लंबा जाम Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। टोल टैक्‍स के लिए FASTag अनिवार्य करने के पहले ही दिन टोल प्‍लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गोरखपुर के तेंदुआ टोल प्लाजा पर रविवार सुबह से ही भीषण जाम लग गया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक के अनुसार 15 दिसंबर को सुबह आठ बजे से बिना FASTag वाहनों का FASTag लेन में डबल चार्ज लगना था, लेकिन वाहन मालिकों के अनुसार रात 12 बजे के बाद से ही टोल प्लाजा डबल चार्ज वसूलने लगे।

FASTag वाली लेन खाली

FASTag के लिए दो कैशलेन है, एक आने के लिए और एक जाने के लिए। दोनों पर लगभग एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। FASTag के लिए छह लेन है, इसके सभी लेन लगभग खाली हैं।

कैश के लिए 25 फीसद लेन की व्यवस्था

उधर, 15 दिसंबर को सुबह आठ बजे से टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया। 75 फीसद लेन फास्टैग व 25 फीसद लेन कैश की है। यदि बिना फास्टैग लगे वाहन फास्टैग लेन में जाएंगे तो उनसे दोगुना टैक्स वसूला जाएगा, जबकि कैश लेन में उन्हें निर्धारित टैक्स ही देना होगा। लेकिन वहां लंबी लाइन लगानी पड़ेगी, क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में वाहनों पर फास्टैग नहीं लग सका है। जिस टोल प्लाजा पर आठ से 10 लेन है, वहां दो लेन कैश की और शेष फास्टैग की होगी। गोरखपुर में तेंदुआ टोल प्लाजा पर दो लेन व नैनसर टोल प्लाजा पर एक लेन कैश की बनाई गई है। तेंदुआ टोल प्लाजा पर एक सप्ताह से पेटीएम व एयरटेल पेमेंट बैंक का स्टाल लगा है, जहां फास्टैग बनाया जा रहा है। शनिवार को कुल 150 लोगों ने फास्टैग बनवाया। टोल प्लाजा प्रबंधन के अनुसार 50 फीसद गाडिय़ों में फास्टैग लग चुका है, सही आंकड़ा 15 दिसम्बर के बाद पता चलेगा। तेंदुआ टोल प्लाजा से प्रतिदिन नौ से 10 हजार गाडिय़ां गुजरती हैं।

अभी तक रोडवेज की 183 बसों में नहीं लगा फास्टैग

हाइवे स्थित टोल प्लाजा पर 15 दिसंबर से फास्टैग लागू हो जाएगा। फास्टैग लगे वाहन प्लाजा से निर्बाध गति से होकर गुजरेंगे। भुगतान ऑनलाइन हो जाएगा। हालांकि, अनिवार्यता के बाद भी परिवहन निगम की 183 बसों में अभी तक फास्टैग नहीं लग पाया है। ऐसे में बसों को प्लाजा से पास होने में समय लगेगा। बसें विलंबित होंगी। अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार के अनुसार निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी बसों में फास्टैग लगा दिया जाएगा। गोरखपुर परिक्षेत्र की कुछ बसें टोल प्लाजा से होकर नहीं गुजरती हैं। उनमें फास्टैग अनिवार्य नहीं है, लेकिन जो बसें टोल से होकर गुजरती हैं उनमें हर हाल में फास्टैग लगा दिया जाएगा। गोरखपुर परिक्षेत्र से प्रत्येक माह टोल प्लाजा पर दो से ढाई करोड़ का भुगतान किया जाता है। गोरखपुर परिक्षेत्र से रोजाना 486 बसें संचालित होती है, जिसमें लगभग 250 अनुबंधित हैं।

chat bot
आपका साथी