Today's Major Programs In Gorakhpur : रोडवेज कर्मी आज भरेंगे हुंकार, जानिये और क्या होगा शहर का हाल

परिवहन निगम को निजी हाथों में सौंपने के खिलाफ रोडवेज कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इसके अलावा शहर में तुलसी विवाह समारोह के अंतर्गत सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 05:30 AM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 08:22 AM (IST)
Today's Major Programs In Gorakhpur : रोडवेज कर्मी आज भरेंगे हुंकार, जानिये और क्या होगा शहर का हाल
गोरखपुर शहर में आज कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। परिवहन निगम को निजी हाथों में सौंपने के खिलाफ रोडवेज कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा बुधवार को धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। धरने को सफल बनाने के लिए मंगलवार को रेलवे बस डिपो परिसर में पदाधिकारियों ने बैठक कर इसकी रणनीति भी बनाई थी। इसमें कहा गया कि रोडवेज के साथ प्राइवेट बसों को भी परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मोर्चा इसका विरोध करता है। उन्होंने तय किया है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा।  

होंगे तुलसी विवाह से जुड़े कार्यक्रम

तुलसी विवाह समारोह के तहत हजारीपुर में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक श्री सत्यनारायण कथा, सुंदर कांड पाठ एवं हल्दी व मेहंदी का आयोजन किया गया है। इसके अलावा देवोत्थान एकादशी व्रत और पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

महफिल-ए-गौसुलवरा जारी रहेगा

ग्यारहवीं शरीफ के मौके पर नूरानी जामा मस्जिद एवं मस्जिद अहले बैत पुराना गोरखपुर में रात 8.30 बजे महफिल-ए-गौसुलवरा का आयोजन जारी रहेगा।  

रात आठ बजे पहुंचेंगे फ्रांस के राजदूत

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुअल रात करीब 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव मंगलवार की देर शाम तक फ्रांसीसी राजदूत के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां करते रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। तैयारी इस बात को ध्यान में रखकर की जा रही है कि यदि वह गीता प्रेस या किसी अन्य स्थल पर जाना चाहें तो दिक्कत न हो। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन गुरुवार की सुबह फ्रांसीसी राजदूत से मिलने जाएंगे। इस मुलाकात में गोरखपुर में भी निवेश करने को लेकर चर्चा हो सकती है। गोरखपुर की खूबियों के बारे में जिलाधिकारी बताएंगे। शिक्षा, फार्मेसी व औद्योगिक क्षेत्र में साथ काम करने को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। गोरखपुर में बनने वाले औद्योगिक गलियारे की जानकारी देते हुए यहां फ्रांसीसी कंपनियों के निवेश को लेकर बात हो सकती है।

chat bot
आपका साथी