Gorakhpur Gram Panchayat Result 2021: गोरखपुर में आ गया बीडीसी का परिणाम, अब ब्‍लाक प्रमुखी के लिए शुरू हुआ शह-मात का खेल

Gorakhpur UP Gram Panchayat Chunav Result 2021 बीडीसी के परिणाम घोषित होने के बाद अब ब्लाक प्रमुखी के लिए घमासान शुरू हो गया है। इस बार के चुनाव में कई जनप्रतिनिधियों के स्वजन भी बीडीसी सदस्य बने हैं और वर्षों से धमक रखने वाले परिवार भी जोर-आजमाइश में जुटे हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 12:30 AM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 08:28 AM (IST)
Gorakhpur Gram Panchayat Result 2021: गोरखपुर में आ गया बीडीसी का परिणाम, अब ब्‍लाक प्रमुखी के लिए शुरू हुआ शह-मात का खेल
बीडीसी का परिणाम आने के बाद ब्‍लाक प्रमुख पद के लिए घमासान शुरू हो गया है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के सभी 1700 पदों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। परिणाम घोषित होने के बाद अब ब्लाक प्रमुखी के लिए घमासान शुरू हो गया है। इस बार के चुनाव में कई जनप्रतिनिधियों के स्वजन भी बीडीसी सदस्य बने हैं तो ब्लाकों पर वर्षों से धमक रखने वाले परिवार भी जोर-आजमाइश में जुटे हैं। दावेदारों ने शुरू से ही अपनी रणनीति बना ली थी और एक से अधिक पदों पर अपने करीबियों को चुनाव लड़ाया था। कुछ निर्विरोध हुए तो कुछ चुनाव लड़कर जीतने में कामयाब रहे। लगभग हर ब्लाक में दो से चार दावेदार हैं और उन्होंने बीडीसी सदस्यों को अपने खेमे में करने के लिए पासा फेंकना शुरू कर दिया है। कुछ प्रभावशाली लोग निर्विरोध ही प्रमुखी पाने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। जिनके ऊपर किसी विपक्षी पार्टी का ठप्पा नहीं लगा है, ऐसे लोगों की प्राथमिकता फिलहाल सत्ताधारी पार्टी भाजपा से समर्थन पाने की है।

हर ब्लाक में प्रमुख पद के दो से चार दावेदार

चुनाव परिणाम आने के साथ ही सभी ब्लाकों में नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों से संपर्क करने का सिलसिला शुरू हो गया है। हर ब्लाक में दिग्गजों का हस्तक्षेप बढ़ गया है और कुछ संभावित दावेदारों को मैनेज करने की कोशिश भी हो रही है। कुछ ब्लाकों में भाजपा के नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगने वाली है।

भाजपा के दिग्ग्जों के स्वजन हैं दावेदार

कैंपियरगंज ब्लाक में स्थानीय विधायक फतेह बहादुर सिंह के पुत्र विश्वान सिंह राजपुर गांव के वार्ड संख्या 31 से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। हालांकि इस ब्लाक में प्रमुख पद के लिए अभी कोई चेहरा खुलकर सामने नहीं आया है लेकिन क्षेत्र में चर्चा है कि विश्वान सिंह प्रमुखी के लिए दावा पेश कर सकते हैं।

सदस्यों को अपने खेमे में करने का कर रहे जतन

उरुवा ब्लाक में प्रमुख का पद इस बार अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। क्षेत्रीय विधायक संत प्रसाद की पुत्रवधू वार्ड नंबर 45 से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि वह प्रमुख पद की प्रबल दावेदार होंगी। पर निवर्तमान प्रमुख दुर्गावती तिवारी के पुत्र आनंद तिवारी भी अपने समर्थक को चुनाव लड़ान की तैयारी में हैं। इसके साथ ही पूर्व प्रमुख रामबुझारत दुबे की परिवार भी अपनी धमक कायम रखना चाहेगा।कौड़ीराम ब्लाक से गोरखपुर ग्रामीण के विधायक बिपिन सिंह की पत्नी प्रमुख पद की दावेदार हो सकती हैं। वह पहले भी प्रमुख रह चुकी हैं और इस बार भी निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी व पुत्र भी बीडीसी सदस्य बने

पाली ब्लाक में भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह की पत्नी व पुत्र भी बीडीसी सदस्य बने हैं। इस परिवार से प्रमुख पद पर दावेदारी की संभावना प्रबल है। इसी तरह दो युवा चेहरे भी बीडीसी चुने गए हैं। उनकी ओर से भी अंदरखाने प्रमुख पद पर दावा करने की तैयारी की जा रही है। इनमें से एक युवा के पीछे सहजनवां विधानसभा के कद्दावर नेता भी लगे हैं। इसी ब्लाक में पूर्व प्रमुख रहे कुंवर सिंह भी बीडीसी सदस्य बने हैं।

सांसद कमलेश पासवान के प्रतिनिधि भी दावेदार

चरगांवा ब्लाक में प्रमुख पद इस बार अनारक्षित है। यहां के निवर्तमान प्रमुख एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान के प्रतिनिधि सुनील पासवान इस बार भी प्रबल दावेदार हैं। सुनील व उनकी पत्नी निर्विरोध बीडीसी चुने गए थे। इस ब्लाक पर पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह के परिवार से भी दावेदारी होने की संभावना है। उनके भाई रमाशंकर सिंह बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुए हैं। चर्चा है कि भाजपा के जिला मंत्री एवं रजही के पूर्व प्रधान रणविजय सिंह मुन्ना की पत्नी भी यहां से प्रमुख पद पर दावेदारी कर सकती हैं। वह भाजपा की सक्रिय सदस्य भी हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री भी दावेदार 

बेलघाट ब्लाक से भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री प्रीति शाही दावेदार हो सकती हैं। उनका परिवार लंबे समय से भाजपा में रहा है। इस बार वह निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं। इसके साथ ही इस ब्लाक में अन्य प्रभावशाली दावेदार भी हैं।

भटहट ब्लाक में भी लड़ाई रोचक हो सकती है। उत्तर प्रदेश सरकार के बीज प्रमाणीकरण निगम के उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह की बहू रेखा सिंह बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं। चर्चा है कि वह प्रमुख पद के लिए दावेदारी कर सकती हैं। भाजपा के जिला महामंत्री राजेश निषाद बीडीसी का चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं तो उनकी पत्नी सरोजा देवी निर्विरोध बीडीसी चुनी जा चुकी हैं। राजेश प्रमुख पद के लिए दावेदारी कर सकते हैं। पूर्व प्रमुख रामकिशुन यादव के परिवार का भी दावा इस पद पर रहेगा।

दबदबा कायम रखना चाहेंगे ये दिग्गज

सहजनवां ब्लाक इस बार अनुसूचित जाति केे लिए आरक्षित है। यहां के पूर्व प्रमुख एवं भाजपा नेता रामप्रकाश शुक्ला ब्लाक पर अपना दबदबा कायम रखना चाहेंगे। विपक्षी पार्टी के दिग्ग्ज नेताओं की नजर भी इस ब्लाक पर है। पिपरौली ब्लाक में प्रमुख का पद अनारक्षित है। पूर्व प्रमुख संजय दुबे इस बार भी बीडीसी सदस्य का चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। माना जा रहा है कि उनका दावा प्रमुख पद पर रहेगा।

इस क्षेत्र से कई बार प्रधान रह चुके एक स्थानीय नेता का भी इस पद पर दावा मजबूत है। इस ब्लाक में सत्ताधारी पार्टी के समर्थन की महत्वूपर्ण भूमिका रहेगी। बांसगांव ब्लाक में प्रमुख का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। यहां शिवाजी सिंह के परिवार का लंबे समय से दबदबा रहा है। कभी उनके परिवार का सदस्य यहां प्रमुख चुना गया तो आरक्षण बदलने पर उनका कोई समर्थक। इस बार भी वह अपना दबदबा कायम रखना चाहेंगे।

यह भी है दावेदार

सरदारनगर ब्लाक में निर्वतान प्रमुख शशिकला यादव एक बार फिर दावेदारी कर सकती हैं। वह निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं। पिछले बार प्रमुख पद पाने से चुके जेपी गोल्डी का परिवार भी इस बार दावा करने की तैयारी में है। यहां देवेंद्र सिंह उर्फ लक्की भी दावेदारी कर सकते हैं। ब्रह्मपुर ब्लाक से पूर्व प्रमुख गुग्गुल देवी पत्नी लाल मोहन यादव एक बार फिर दावा कर सकती हैं। तीन बार प्रमुख रहे केशव यादव भी चुनाव मैदान में आ सकते हैं।

बड़हलगंज ब्लाक में हो सकते हैं सर्वाधिक दावेदार

बड़हलगंज ब्लाक में प्रमुख का पद इस बार अनारक्षित है। वर्तमान में यहां छह नाम प्रमुख पद के लिए चर्चा में आ चुके हैं। पूर्व प्रमुख विजय कुमार यादव इस बार भी दावेदारी कर सकते हैं। यहां के प्रतिष्ठित परिवार से आने वाले श्रीनाथ तिवारी का दावा भी मजबूत है। इसी ब्लाक से आशीष राय, राजीव पांडेय, चंदन पांडेय, अवनीश राय भी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

chat bot
आपका साथी