Gorakhpur Lockdown update : सामान घर पहुंचा तो मिली राहत Gorakhpur News

संपूर्ण लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुबह 5.30 बजे से 9.30 बजे तक मिलने वाली छूट को समाप्त कर दिया है। जैसे-जैसे घर पर सामान पहुंचता गया लोगों को राहत मिलती गई।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Mon, 30 Mar 2020 07:47 PM (IST) Updated:Mon, 30 Mar 2020 07:47 PM (IST)
Gorakhpur Lockdown update : सामान घर पहुंचा तो मिली राहत Gorakhpur News
Gorakhpur Lockdown update : सामान घर पहुंचा तो मिली राहत Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। शहर में डोर स्टेप डिलीवरी को शुरू हुए पांच दिन बीत चुके हैं। शुरुआत में सामान मंगाने को लेकर आपाधापी नजर आई थी लेकिन जैसे-जैसे घर पर सामान पहुंचता गया लोगों को राहत मिलती गई। उन्हें विश्वास हो चुका है कि जरूरत पर आसानी से सामान पहुंच जाएगा। किराना स्टोर संचालकों के पास पहले तीन दिनों की तुलना में अब कम फोन आ रहे हैं। जितने ऑर्डर मिल रहे हैं, उतनी सप्लाई आसानी से हो रही है।

पहले दिन नहीं मिल पाया था रिस्पांस

संपूर्ण लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुबह 5.30 बजे से 9.30 बजे तक मिलने वाली छूट को समाप्त कर दिया है। लोगों को राहत देने के लिए मोहल्लों के किराना स्टोर संचालकों, दुग्ध आपूर्तिकर्ताओं एवं मेडिकल स्टोर संचालकों के नाम व मोबाइल नंबर प्रसारित कराए गए थे। हालांकि पहले दिन इन नंबरों पर अधिक रिस्पांस नहीं मिला था। लोगों में जरूरी सामान न पहुंचने पर अफरा-तफरी मच गई थी। दूसरे दिन से व्यवस्था में सुधार नजर आया। धीरे-धीरे व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर आ चुकी है। गली-गली में करीब एक हजार से अधिक ठेले एवं ई-रिक्शा पर सब्जी व फल बेचे जा रहे हैं। सड़कों पर भी शाम के समय जूस और फल के इक्का-दुक्का ठेले नजर आ रहे हैं। किराना स्टोर संचालकों को एक दिन में करीब 200 आर्डर मिल रहे थे लेकिन अब उसमें कमी आई है।

आर्डर मिलते ही आसानी से हो रही आपूर्ति

अंधियारीबाग में आपूर्ति करने वाले गणेश मार्ट के संचालक शिवेंद्र मिश्र का कहना है कि लोगों ने पर्याप्त सामान मंगाया है। अब जितने कॉल आ रहे हैं उसकी आसानी से आपूर्ति हो जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि एक बार में ही पूरी लिस्ट नोट कराएं। कई लोग एक बार सामान पहुंचने के कुछ देर बाद फिर छोटा-मोटा सामान पहुंचाने के लिए आर्डर नोट करा रहे हैं, इससे दूसरों को समस्या आ रही है। असुरन चौक निवासी महेंद्र का कहना है कि सामान मंगा लिया है और विश्वास भी हो गया है कि आसानी से आपूर्ति हो जाएगी। शाहपुर निवासी कविता ने बताया उनके यहां भी होम डिलीवरी से आपूर्ति हो गई है। अब कुछ दिन दिक्कत नहीं रहेगी। राजेंद्र नगर निवासी दीपक बताते हैं कि जरूरी सामान घर पहुंच गया है। यह व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। फोन करने पर आसानी से सामान उपलब्ध हो जा रहा है।

दाल, तेल, आटा, नूडल्स की हो सकती है कमी

ग्राहक बड़े पैमाने पर दाल, तेल, नूडल्स व आटा की मांग कर रहे हैं। लोग आवश्यकता से अधिक मात्रा में इन सामानों को मंगा रहे हैं। बाजार में सरसों का तेल, रिफाइन धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। इसी तरह एजेंसियों पर नूडल्स की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। आटा भी किराना स्टोर से समाप्त हो रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही व्यवस्था नहीं हुई तो इन सामानों की कमी हो जाएगी। डेटॉल के साबुन सहित कई उत्पाद बाजार में नहीं मिल रहे हैं। लोगों की ओर से इन उत्पादों की मांग की जा रही है लेकिन स्टोर संचालक आपूर्ति करने में समर्थ नहीं हैं।

chat bot
आपका साथी