भूमि विवाद खत्म करने को हर गांव में बनेगा रजिस्टर Gorakhpur News

प्रशासन भूमि विवाद के मामलों को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गया है। शुरुआत सदर तहसील से की जा रही है।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Sat, 05 Sep 2020 09:51 AM (IST) Updated:Sat, 05 Sep 2020 09:51 AM (IST)
भूमि विवाद खत्म करने को हर गांव में बनेगा रजिस्टर Gorakhpur News
भूमि विवाद खत्म करने को हर गांव में बनेगा रजिस्टर Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। बढ़ते भूमि विवाद पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन निगरानी बढ़ाने जा रहा है। शुरुआत सदर तहसील से की जा रही है। हर गांव में एक रजिस्टर बनाया जाएगा, जिसमें सभी तरह के भूमि विवाद के मामले दर्ज होंगे। संबंधित क्षेत्र के कानूनगो एवं लेखपाल नियमित अंतराल पर गांवों का दौरा कर इन मामलों पर नजर रखेंगे। दोनों पक्षों से बात कर मामले को सुलझाने का प्रयास भी होगा। कानूनगो-लेखपाल अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं या नहीं, जांचने को वरिष्ठ अधिकारियों का औचक दौरा भी होगा।

लॉकडाउन के बाद बढ़ी है विवादों की संख्या

लॉकडाउन में बड़ी संख्या में लोग बाहर से अपने गांव लौटे हैं। घर लौटने के बाद कुछ दिन तो ठीक चला, लेकिन धीरे-धीरे संपत्ति को लेकर विवाद होने लगा। मामला तहसील एवं एसडीएम कार्यालय तक पहुंचने लगा। कई मामलों में मारपीट भी हुई और कुछ लोगों को जान भी गंवानी पड़ी। इसे देखते हुए प्रशासन भूमि विवाद के मामलों को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गया है।

लैंड बैंक बढ़ाने पर जोर

प्रशासन लैंड बैंक बढ़ाने का अभियान फिर शुरू करेगा। इसके लिए शहरी, कस्बाई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उन सरकारी संपत्तियों की जांच की जाएगी, जिनपर किसी का कब्जा है। कब्जा हटाकर उसे प्रशासन के कब्जे में लिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है।

लेखपालों को दे दी गई है रजिस्‍टर बनाने की जानकारी

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि गांवों में भूमि विवाद के मामले बढ़ रहे हैं। उन्हें समाप्त करने के लिए हर गांव का अलग रजिस्टर बनाया जाएगा। बैठक कर सभी कानूनगो एवं लेखपालों को जानकारी दी गई है। सभी लोगों को रजिस्‍टर बनाने का निर्देश दे दिया गया है। साथ ही यह भी कह दिया गया है कि भूमि विवाद के सभी मामले इसी रजिस्‍टर में दर्ज करें। ताकि उसका निस्‍तारण कराया जा सके। सबसे पहले उन विवादों का निपटारा होगा जो काफी पुराना है। क्रमवार सभी विवादों को समाप्‍त कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी