Weather News: भादों में सता रही क्वार सी धूप, 36 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमान

Gorakhpur Weather News क्वार की धूप में तपन अधिक होती है। हीट इंडेक्स के कारण लोगों को अधिक गर्मी महसूस होती है लेकिन क्वार आने में अभी करीब दस दिन शेष हैं लेकिन लोगों को अभी से क्वार सी गर्मी का आभास हो रहा है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 08:56 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 08:56 AM (IST)
Weather News: भादों में सता रही क्वार सी धूप, 36 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमान
गोरखपुर में कड़ी धूप से लोगों का बुरा हाल है। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लोगों को भादों की बारिश का इंतजार है, लेकिन धूप उन्हें क्वार का आभास करा रही है। लोगों को न दिन में राहत मिल रही है और न ही रात को। धूप के साथ नमी की जुगलबंदी लोगों के लिए दोहरी मुसीबत का कारण बना हुआ है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी अगले कई दिन इसी तरह रहेंगे। लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है। सोमवार को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है।

कड़ी धूप से परेशान हुए लोग

क्वार की धूप में तपन अधिक होती है। हीट इंडेक्स के कारण लोगों को अधिक गर्मी महसूस होती है, लेकिन क्वार आने में अभी करीब दस दिन शेष हैं, लेकिन लोगों को अभी से क्वार सी गर्मी का आभास हो रहा है। गर्मी के चलते लोगों का बुरा हाल है। सुबह से चटख धूप लोगों को चुभने लग रही है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हीट इंडेक्स के चलते लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक गर्मी महसूस हुई। इससे पहले बीते 25 जुलाई को तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है।

औसत से दो ड‍िग्री अध‍िक रहा तापमान

रविवार को न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सितंबर माह के औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। बढ़े हुए तापमान के चलते लोगों न दिन में राहत है और न रात में। पिछले कई दिनों से पड़ रही बेतहाशा गर्मी के चलते लोग बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी मंगलवार तक स्थिति ऐसी ही रहने वाली है।

ऐसा रहेगा आगे का मौसम

मंगलवार को दिन में चटख धूप रहेगी और रात भी गर्म रहेगी। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। बता दें सितंबर माह में औसत वर्षा 228.8 मिलीमीटर है। सितंबर माह का दिन का औसत अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस व औसत न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

chat bot
आपका साथी