12 अक्टूबर को गोरखपुर आएंगी प्रियंका वाड्रा, करेंगी जनसभा

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा हम वचन निभाएंगे यात्रा में शामिल होने के लिए 12 अक्टूबर गोरखपुर आ रहीं हैं। यहां पर प्रियंका की जनसभा के लिए कांग्रेसी तारामंडल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क समेत अन्य स्थानों के चयन में जुटे हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 12:30 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 12:30 PM (IST)
12 अक्टूबर को गोरखपुर आएंगी प्रियंका वाड्रा, करेंगी जनसभा
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा। फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : 'हम वचन निभाएंगे' यात्रा में शामिल होने 12 अक्टूबर को गोरखपुर आ रहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा जनसभा को भी संबोधित करेंगी। प्रियंका वाड्रा की जनसभा के लिए कांग्रेसी तारामंडल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क समेत अन्य स्थानों के चयन में जुटे हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले प्रियंका वाड्रा का दौरा कांग्रेसियों में जान फूंकेगा। गुटबाजी का शिकार हो रहे कांग्रेसियों को प्रियंका वाड्रा के दौरे से एकजुट करने की कोशिश की जाएगी। साथ ही चुनावी समीकरण को भी दुरुस्त किया जाएगा।

सात अक्टूबर को अयोध्या से शुरू हो रही यात्रा

सात अक्टूबर को अयोध्या से शुरू हो रही यात्रा बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर आदि जिलों से होते हुए 12 अक्टूबर को गोरखपुर आएगी। यहां पहले चरण का समापन होगा। 17 अक्टूबर को गोरखपुर से दूसरे चरण की शुरुआत होगी। यहां से यात्रा कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ होते हुए आजमगढ़ जाएगी। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने बताया कि 12 अक्टूबर को प्रियंका वाड्रा गोरखपुर आ सकती हैं। उनके आगमन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

हमले के विरोध में एआइएमआइएम ने किया प्रदर्शन

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के दिल्ली स्थित आवास पर हुए हमले के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पार्क में प्रदर्शन किया।

महानगर अध्यक्ष शोएब सिमनानी ने कहा कि देश की राजधानी में ही सांसद सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की क्या बात की जाए। सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। महासचिव मोहम्मद कैस अंसारी ने कहा कि अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़ रहे असदुद्दीन ओवैसी को डराने के लिए उनके घर पर साजिश के तहत हमला कराया गया है। पार्टी कार्यकर्ता इस शर्मनाक हरकत को बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन में मोहम्मद वसीम, अल्ताफ हुसैन सिद्दीकी, शहनवाज खान, शानू खान, मो. सारिम, नायाब आलम, वजीउल्लाह अंसारी, लल्लन पटेल आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी