गोरखपुर में बोलींं प्रियंका गांधी, सत्‍ता में आए तो 20 लाख युवाओं को देंगे रोजगार- बस में महिलाएं मुफ्त में करेंगी यात्रा

कांग्रेस महासचिव और उत्‍तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी बाड्रा ने रविवार को गोरखपुर में रैली को संबोध‍ित क‍िया। प्रियंका ने यहां कई घोषणा की उन्‍होंने कहा क‍ि प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो 20 लाख युवाओं को रोजगार देंगे।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Sun, 31 Oct 2021 01:17 PM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 04:14 PM (IST)
गोरखपुर में बोलींं प्रियंका गांधी, सत्‍ता में आए तो 20 लाख युवाओं को देंगे रोजगार- बस में महिलाएं मुफ्त में करेंगी यात्रा
गोरखपुर पहुंची प्रियंका गांधी, प्रतिज्ञा रैली को करेंगी संबोधित। फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने 31 अक्‍टूबर को गोरखपुर में कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो 20 लाख युवाओं को रोजगार देंगे। महिलाओं को रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। एक साल में रसोई गैस का तीन सिलेंडर फ्री में मिलेगा। आशा बहुओं और आंगनबाडी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढाकर 10 हजार रुपये किया जाएगा, संविदा कर्मियों को नियमित किया जाएगा। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के गढ गोरखपुर में आयोजित प्रतिज्ञा रैली में आई हजारों की भीड़ के बीच आधे घंटे के अपने संबोधन में पूरी तरह चुनावी मूड में नजर आईं प्रियंका ने वादों की झड़ी भी लगाई।

70 साल की मेहनत को भाजपा सरकार ने सात साल में किया बर्बाद 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में कांग्रेस की जमीन तैयार करने रविवार को गोरखपुर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भाजपा सरकार पर हमलावर रहीं। महंगाई और निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हमने रेलवे, हवाई जहाज और सड़कें दीं, लेकिन अब यह सब बिक रहा है। हमारी 70 साल की मेहनत को भाजपा ने सात साल में गंवा दिया। प्रतिज्ञा रैली में बेरोजगारों की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि सरकारी क्षेत्र में दस लाख पद खाली हैं, लेकिन बेराजगारी से परेशान तीन युवा रोजाना आत्महत्या कर रहे हैं। हम सरकार में आए तो बीस लाख युवाओं को नौकरी देेंगे। संविदाकर्मियों को नियमित करने के साथ आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार रुपये किया जाएगा।

गोरखपुर में मत्‍स्‍येन्‍द्र नाथ विश्‍वविद्यालय स्‍थापित करेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर हमला करने के साथ वादों की झड़ी लगा दी। मंच से गुरु गोरखनाथ की जयकार लगाने वाली प्रियंका गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद गोरखपुर में गुरु मत्‍स्‍येंद्र नाथ के नाम पर विश्‍वविद्यालय खोलने का वादा किया। निषादों को साधने के लिए प्रियंका ने मत्‍स्‍य पालन को कृषि में शामिल करने की बात कही। लखीमपुर की घटना के जरिये सूबे में बढ़ते अपराध की चर्चा करते हुए उन्‍होंने गगहा की उस बेटी का भी जिक्र किया, जिसने अपने पिता को बदमाशों से बचाने में अपनी जान गंवा दी। विश्‍वविद्यालय परिसर में छात्रा की मौत और मनीष गुप्‍ता हत्‍याकांड में अब तक परिवार को इंसाफ न मिलने की बात कहते हुए प्रियंका ने कहा कि जब मुख्‍यमंत्री के शहर में यह स्थिति है तो प्रदेश में क्‍या हालात होंगे, आप अंदाजा लगा सकते हैं।

गुरु गोरक्षनाथ व मत्‍स्‍येंद्रनाथ का लगाया जयकारा

गुरु गोरक्षनाथ की धरती पर उतरीं प्रियंका ने मंच से गुरु गोरक्षनाथ और मत्‍सयेंद्रनाथ की जयकार लगाने के साथ निषादों को साधने का भी पूरा प्रयास किया। बाबा गोरखनाथ के गुरु मत्स्येंद्र नाथ के नाम पर गोरखपुर में विश्वविद्यालय खोलने का वादा करने के साथ ही मत्स्य पालन को कृषि में शामिल करने की बात कही। प्रदेश में बढ़ते अपराध की चर्चा करते हुए प्रियंका ने गोरखपुर की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री के शहर में यह हालात हैं तो प्रदेश में स्थिति क्या होगी, आप अंदाजा लगा लें।

दादी इंद‍िरा को याद क‍िया

गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी इंदिरा गांधी के बलिदान को भी याद किया। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो ग्रामीण क्षेत्र के बीस लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। मत्‍स्‍य पालन को कृषि में शाम‍िल किया जाएगा। गेहूं धान की एमएसपी 2500 और गन्‍ने की 4000 रुपये की जाएगी। अन्‍ना पशुओं की समस्‍या का स्‍थायी समाधान निकाला जाएगा, जिससे उनकी जान भी बच जाए और किसानों का नुकसान भी न हो।

चुनावी वादों की लगाई झडी 

प्रियंका गांधी ने संविदाकर्मियों को साधते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो संविदाकर्मियों की नियमित करने के साथ ही आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। सरकार बनने पर महिलाओं को तोहफा देने का वादा करते हुए उन्‍होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो लड़कियों को सरकारी बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। गरीब परिवारों को साल में तीन मुफ्त सिलेंडर भी दिया जाएगा। इंटर पास करने पर बेटियों को मुफ्त स्‍मार्टफोन और स्‍नातक होने पर स्‍कूटी देने का ऐलान हम पहले ही कर चुके हैं।

भाजपा सरकार में असुरक्ष‍ित है हर कोई

जन सैलाब को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार में काेई सुरक्षित नहीं है। गगहा में पिता को बचाने की कोशिश में हुई छात्रा की हत्‍या का उल्‍लेख करते हुए उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री के जिले में यदि इस तरह हो रहा है तो बाकी प्रदेश में की क्‍या स्थिति है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

भोजपूरी में हालचाल पूछकर लोगों के दिल में उतर गई प्रियंका

भाषण की शुरुआत में उन्‍होंने भोजपूरी में 'का हाल बा' पूछकर लोगों के दिल में उतर गईं। उन्‍होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता देश के लिए बलिदान देने के लिए तैयार है।

भाजपा पर साधा न‍िशाना

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सपा-बसपा के नेता कहते हैं कि कांग्रेस भाजपा से मिली है। मैं मर जाऊंगी जान दे दूंगी, भाजपा के साथ कभी नहीं जाऊंगी। प्रियंका ने कहा कि अब नेताओं से सवाल होने चाहिए कि उन्होंने जो वादा किया था उसे कितना पूरा किया। प्रियंका ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला किया। बोला, प्रधानमंत्री जब आठ हजार करोड़ के जहाज से इटली जाते हैं तो मन में आता है कि देश की शोभा बढ़ा रहे होंगे लेकिन हकीकत दूसरी है। विज्ञापनों के जरिए सरकार बताती है कि वह अच्‍छा कार्य कर रही है, लेकिन विज्ञापन और धरातल पर कार्य में जमीन आसमान का अंतर है।

भाजपा को साफ करेंगी प्रियंका : भूपेश

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब सीतापुर में प्रियंका को सरकार ने कमरे में बंद किया तो वहां बहुत गंदगी थी। प्रियंका ने झाड़ू से गंदगी साफ की तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि प्रदेश में कांग्रेस को झाड़ू लगाने लायक ही छोड़ा है। प्रियंका अपने झाड़ू से पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश से भाजपा को साफ कर देंगी।

सत्ता में आएंगे तो पूर्वांचल राज्य बनाएंगे : आरपीएन

पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंवर आरपीएन सिंह ने कहा कि 32 साल से प्रदेश में कांग्रेस नहीं है। केंद्र और प्रदेश सरकार जिन योजनाओं की बात कह रही है वह सभी कांग्रेस की देन है। महंगाई पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बात नहीं करते हैं। गरीबों की कमर टूट गई है। कहा कि भाजपा और सपा ने पूर्वांचल को छला है। कांग्रेस सत्ता में आएगी तो पूर्वांचल राज्य बनाएंगे।

chat bot
आपका साथी