Gorakhpur University Murder Case: परीक्षा हाल में एक घंटे देर से पहुंची थी छात्रा प्रियंका

Gorakhpur University Murder Case गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा की मौत में एक नई जानकारी सामने आई है। प्रियंका अपने घर से अपने भाई के साथ भले ही सुबह साढ़े आठ बजे परीक्षा देने के लिए निकल गई हो लेकिन वह परीक्षा हाल में वह एक घंटे देरी से पहुंची थी।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 08:30 AM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 08:56 PM (IST)
Gorakhpur University Murder Case: परीक्षा हाल में एक घंटे देर से पहुंची थी छात्रा प्रियंका
गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा प्रियंका। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। Gorakhpur University Murder Case: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीएससी (गृह विज्ञान) तृतीय वर्ष की छात्रा 19 वर्षीया प्रियंका की मौत के मामले में एक और नई जानकारी सामने आई है। प्रियंका अपने घर से अपने भाई के साथ भले ही सुबह साढ़े आठ बजे परीक्षा देने के लिए निकल गई हो, लेकिन वह परीक्षा हाल में वह एक घंटे देरी से पहुंची थी। आधे घंटे के भीतर ही उसने अपनी उत्तर पुस्तिका जमा कर दी थी।

सीसीटीवी में 10.04 पर परीक्षा हाल में पहुंचने की हो रही पुष्टि

शिवपुर सहबाजगंज निवासिनी प्रियंका की मौत को लेकर पुलिस एक-एक बिंदु खंगाल रही है। परीक्षा हाल का सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला है कि प्रियंका 10 बजकर 04 मिनट पर परीक्षा कक्ष में पहुंची थी। उस समय तक सभी परीक्षार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका में लिखना शुरू कर चुके थे। स्वजन के मुताबिक प्रियंका सुबह साढ़े आठ बजे ही अपने भाई के साथ परीक्षा देने के लिए निकली थी। पुलिस के मुताबिक प्रियंका सुबह नौ बजे ही विश्वविद्यालय पहुंच गई थी, लेकिन 10 बजे तक वह कहां रही, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रियंका के परीक्षा हाल में आने का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, लेकिन वह स्टोर रूम तक कैसे पहुंची, इसकी सीसीटीवी फुटेज नहीं है।

प्रियंका के मोबाइल से खुल सकते हैं कई रात

पुलिस को प्रियंका का मोबाइल मिल चुका है। पुलिस इसकी जांच भी कर रही है। पुलिस को मोबाइल से कई चौंकाने वाली जानकारियां भी मिली हैं। पुलिस एक युवक से पूछताछ में भी जुटी है, लेकिन अभी पुलिस इसका पर्दाफाश नहीं कर रही है। घटना की विवेचना कर रहे सीओ चौरीचौरा जगतराम कन्नौजिया का कहना है कि मोबाइल बरामद हो चुका है। उसकी सीडीआर निकलवाई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका ने आत्महत्या की है। पांच सदस्यीय चिकित्सकों का पैनल भी इसकी पुष्टि कर चुका है। बावजूद इसके स्वजनों की संतुष्टि के लिए स्टेट मेडिको लीगल टीम बुलाई जाएगी। यह टीम सीन रिक्रिएट करके आंकलन करेगी कि प्रियंका की मौत कैसे हुई होगी। - दिनेश कुमार पी, एसएसपी।

chat bot
आपका साथी