Gorakhpur Panchayat Chunav Result 2021: गोरखपुर में पूर्व मुख्यमंत्री बीर बहादुर सिंह की बहू सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्‍ठा दांव पर

Gorakhpur Panchayat Chunav Result 2021 पंचायत चुनाव का परिणाम आज शाम तक सामने आ जाएगा। इस चुनाव में यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री बीर बहादुर सिंह की बहू और पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह की पत्‍नी साधना सिंह की प्रतिष्‍ठा दांव पर लगी है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 02 May 2021 07:20 AM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 08:19 AM (IST)
Gorakhpur Panchayat Chunav Result 2021: गोरखपुर में पूर्व मुख्यमंत्री बीर बहादुर सिंह की बहू सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्‍ठा दांव पर
उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री बीर बहादुर सिंह व साधना सिंह। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला रविवार को हो जाएगा। इस बार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कई बड़े नाम मैदान में है। पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री फतेह बहादुर सिंह की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, जंगल कौड़िया के पूर्व ब्लाक प्रमुख गोरख सिंह सहित करीब दर्जन भर दिग्गजों की प्रतिष्ठा इस बार दांव पर लगी है। मतगणना के परिणाम आने के साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि ये दिग्गज जनता के विश्वास पर कितना खरे उतरे हैं।

मतगणना सुबह आठ बजे से जिले के 20 केंद्रों पर शुरू होने जा रही है। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर केंद्रों पर सैनिटाइजेशन का काम कराया गया है। मतगणना सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक तथा रात आठ बजे से सोमवार की सुबह आठ बजे तक चलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी दौरान सभी परिणाम आ जाएंगे। जिले में प्रधान के लिए 8822, सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए 6893, बीडीसी के लिए 8175 तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 868 उम्मीदवारों का भाग्य 15 अप्रैल को मतपेटिका में बंद हो गया था। जिले में कुल 19.17 लाख मतों की गिनती होगी। 15 अप्रैल को हुए मतदान में कुल 64.73 फीसदी वोट पड़े थे। 

महिलाओं ने किया है अधिक मतदान 

इनमें पुरूषों का मतदान प्रतिशत जहां 59.45 है वहीं महिलाओं की भागीदारी 70.66 फीसदी है। जिले में 29 लाख 61 हजार 685 वोटर थे। इनमें से 19 लाख 17 हजार 88 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जिन्होंने वोट डाले उनमें पुरूषों की संख्या नौ लाख 30 हजार 881 है जबकि महिलाओं की संख्या नौ लाख 86 हजार 207 है। जिन दिग्गत प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इस चुनाव में होना है उनमें साधना सिंह व गोरख सिंह के अलावा वार्ड नंबर 59 से चुनाव लड़ने वाले भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मनोज शुक्ला, वार्ड नंबर 49 से पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मायाशंकर शुक्ला आदि शामिल हैं। 

बीडीसी में भी कई दिग्‍गज हैं मैदान में

इसी तरह बीडीसी सदस्य पद के परिणाम का इंतजार कर रहीं भटहट क्षेत्र की रेखा सिंह भी दिग्गज उम्मीदवार के रूप में पहचानी जा रही हैं। वह पिपराइच विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके एवं वर्तमान में बीज प्रमाणीकरण निगम के उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह की बहू हैं। उन्हें ब्लाक प्रमुख पद का दावेदार माना जा रहा है। सरदारनगर ब्लाक से ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार जय प्रकाश जायसवाल व उनकी पत्नी प्रमिला जायसवाल की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।

सिद्धार्थनगर में फंसी धुरंधरों की सीट

उधर, सिद्धार्थनगर में जिला पंचायत सदस्य पद की मतगणना में कई चक्र की गिनती हो चुकी है। कहीं तीन तो कहीं पांचवां चक्र चल रहा है। रात करीब दस बजे तक एक भी जिला पंचायत सदस्य पद का परिणाम नहीं आया। लेकिन कुछ सीटों पर रुझान दिखने लगी है। कुछ धुरंधर को तो नए चेहरों ने घेर लिया। इनमें तो कुछ ने अच्छी-खासी बढ़त बना ली है। जिला पंचायत सदस्य पद का पहला परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा समर्थित साधना चौधरी को पूर्व ब्लाक प्रमुख जाकिर हुसैन कड़ी टक्कर देते दिखे। चार राउंड की गिनती हो चुकी थी। कभी साधना चौधरी तो कभी जाकिर बढ़त बनाते रहे। यह बढ़त 25 से 50 मत के बीच की है। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सपा समर्थित पूजा यादव ने पांचवें राउंड की गिनती के समय करीब निकटतम से करीब एक हजार मतों की बढ़त बना ली थी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जनकनंदनी चौरसिया भी पीछे चल रही थीं। पूर्व ब्लाक प्रमुख बढ़नी व सपा समर्थित प्रदीप पथरकट्ट भी करीब पांच सौ मत से पीछे चल रहे थे। इन्हें पहली बार चुनाव लड़ रही दुर्गा कुमारी कड़ी टक्कर देती रहीं। पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा लालजी त्रिपाठी की पत्नी महेश्वरी त्रिपाठी काफी पीछे चल रही थीं। यहां गुड्डू साइकिल वाला बढ़त बनाए थे।

chat bot
आपका साथी