Gorakhpur Weather News: बारिश ने गिराया पारा, 5.4 डिग्री नीचे आया तापमान

Gorakhpurweatherforecast गोरखपुर में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। प्री मानसून की हल्की बारिश के चलते 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आई है। रविवार का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। आगामी 15-16 जून से जिले में मानसूनी बारिश के आसार हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 09:15 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 02:36 PM (IST)
Gorakhpur Weather News: बारिश ने गिराया पारा, 5.4 डिग्री नीचे आया तापमान
गोरखपुर में प्री मानसून की बारिश से पारा काफी नीचे आ गया है। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। Pre Monsoon in Gorakhpur: गोरखपुर में मानसून के लिए अभी दो दिन और प्रतीक्षा करनी होगी लेकि‍न मानसून से पूर्व शनिवार को पांच घंटे में 4.1 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली। इस बारिश के चलते 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आई है। रविवार का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। पूर्वानुमान जताया है कि आगामी 15-16 जून से जिले में मानसूनी बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

मानसून से पूर्व प्री मानसून ने दी बड़ी राहत

शनिवार की सुबह लोग उमस से परेशान देखे जा रहे थे। सुबह बादल व धूप के बीच कशमकश जारी थी, लेकिन दोपहर करीब एक बजते-बजते बादलों ने धूप पर विजय पा ली। अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। उसके बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई। करीब चार से पांच घंटे में 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि दक्षिणी यूपी के ऊपर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इसकी वजह से वाराणसी से लेकर गोरखपुर तक पट्टी फैली हुई है। इसकी वजह से गोरखपुर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में बारिश हुई है। यह प्री-मानसून की बारिश है।

15-16 जून से मानसून के आसार

आगामी 15-16 जून से मानसून के आसार हैं। उन्होंने बताया कि मानसून 2021 की रेखा अभी सूरत (गुजरात), नंदुरबार (महाराष्ट्र), राइसेन (मध्य प्रदेश), दामोह, उमरिया, पेंड्रा (मध्य प्रदेश), बालांगीर, भुवनेश्वर (उड़ीसा), पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), धनबाद (झारखंड) से गुजर रही है। आने वाले एक दो-दिन में उत्तरी बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश पर आने की संभावना है। आने वाले 3-4 दिनों में गोरखपुर क्षेत्र, बेतिया, सुपौल जिले में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। यह बारिश तेज हवा के बीच बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ हो सकती है।

चार से पांच दिन तक चलेगा बारिश का सिलसिला

बारिश का यह सिलसिला चार से पांच दिन तक चल सकता है। इससे लोगों को गर्मी से भारी राहत मिलेगी। बता दें शनिवार को दिन अधिकतम तापमान 31.6 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी का आकड़ा 96 से 70 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया कि रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी