पुलिस छावनी बना रहा कलेक्ट्रेट परिसर, शांतिपूर्वक हुआ नामांकन

प्रत्याशी को प्रस्तावक व समर्थक के साथ ही जाने की रही अनुमति

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 09:30 PM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 09:30 PM (IST)
पुलिस छावनी बना रहा कलेक्ट्रेट परिसर, शांतिपूर्वक हुआ नामांकन
पुलिस छावनी बना रहा कलेक्ट्रेट परिसर, शांतिपूर्वक हुआ नामांकन

संतकबीर नगर: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील रहा। खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर भी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहे। पुलिस और प्रशासनिक सक्रियता के बीच यहां शांतिपूर्वक नामांकन व नामांकन पत्रों के जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।

कलेक्ट्रेट परिसर व नामांकन के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। दिन में लगभग 10 बजे जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व एसपी डा. कौस्तुभ ने तैयारियों का जायजा लेने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दिन में लगभग 11.10 बजे सपा के उम्मीदवार बलराम यादव सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खां के साथ नामांकन के लिए पहुंचे। उन्होंने दो सेट में पर्चा दाखिल किया। इसके 10 मिनट बाद भाजपा के कृष्ण कुमार चौरसिया ने प्रस्तावक व समर्थक के साथ पहुंचकर दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। सना परवीन ने भी एक सेट में नामांकन किया। अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, सीडीओ अतुल कुमार मिश्र, एसडीएम खलीलाबाद राजनारायण त्रिपाठी, एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुबह से नामांकन को लेकर सक्रिय रहे। नारेबाजी कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने भांजी लाठी

कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन के दौरान खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर एसपी कार्यालय के सामने सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इसे लेकर पुलिस कर्मियों ने लाठी भांजना शुरू कर दिया। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। पुलिस की सक्रियता से कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क सूनी रही। सिर्फ सामान्य आवाजाही के लिए वाहन गुजरते रहे। किसी भी राजनैतिक दल के कार्यकर्ताओं व समर्थकों को जमा होने से रोका गया था। भाजपा नेता के साथ पुलिस की हुई नोकझोंक

खलीलाबाद स्थित मेंहदावल बाईपास से होकर भाजपा नेता मदन नारायण सिंह काफिले के साथ कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका। मामले को लेकर उनकी पुलिस कर्मियों के साथ बहसबाजी भी हुई। हालांकि थोड़ी देर बाद उन्हें जाने दिया गया। कार्यालय पर डटे रहे भाजपाई

नेदुला स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीराम चौहान, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र, मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल, जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव, युवा नेता वैभव चतुर्वेदी, मगहर की नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता वर्मा, मदन नारायण सिंह, सेतवान राय, सत्यपाल पाल, नित्यानंद, ब्रजेश दूबे, उर्मिला त्रिपाठी, सुनीता अग्रहरि आदि उम्मीदवार का हौसला बढ़ाने के लिए जमे रहे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी वापस लौटे। चुनाव को लेकर उत्साहित दिखे सपाई

नामांकन के दौरान सपा कार्यकर्ता उत्साहित दिखे। विधान परिषद के सदस्य संतोष यादव सनी, सपा नेता सुनील सिंह, केडी यादव, जयराम पांडेय, मनोज राय, प्रदीप सिंह सिसोदिया, रामदरश यादव, रमेश चंद्र यादव, पप्पू छापड़िया, शेषनाथ यादव उर्फ मटरू दादा, नित्यानंद यादव, महेंद्र यादव, रामा यादव, सुरेंद्र यादव, आलोक यादव सोनू, कोमल यादव, एखलाक अहमद, राहुल यादव बादल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सपा कार्यालय पर मौजूद रहकर जायजा लेते रहे। मेंहदावल बाईपास से लेकर कलेक्ट्रेट के बीच सपा कार्यकर्ता भ्रमण करते हुए नारेबाजी भी करते रहे।

chat bot
आपका साथी