संतकबीर नगर में ट्रक पर चढ़ाते समय पोकलैन पलटी, चालक की मौत
संतकबीरनगर के महुली थानाक्षेत्र के टुंगपार गांव में रात करीब साढ़े आठ बजे ट्रक पर चढ़ाते समय अचानक पोकलैन पलट गई। इसके नीचे दब जाने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर, जेएनएन : संतकबीर नगर जिले के महुली थानाक्षेत्र के टुंगपार गांव में रात करीब साढ़े आठ बजे ट्रक पर चढ़ाते समय अचानक पोकलैन पलट गई। इसके नीचे दब जाने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरयू नहर की सफाई का एक सप्ताह से चल रहा था काम
टुंगपार गांव के समीप सरयू नहर की सफाई करने का काम एक सप्ताह से चल रहा था। बिहार के सीवान जिले के सागर सुल्तानपुर के भगवानपुर हाट निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार सिंह पोकलैन के चालक थे। वह काम पूरा होने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे पोकलैन को ट्रक पर चढ़ा रहे थे। इसी दौरान पोकलैन फिसलकर पलट गई। पोकलैन के नीचे दब जाने से जितेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर आसपास के लोगों के अलावा पुलिस कर्मी पहुंचे। उन्होंने शव को बाहर निकलवाया। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
दुष्कर्म के आरोपित की अग्रिम जमानत खारिज
शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित की अग्रिम जमानत अर्जी जिला व सत्र न्यायाधीश महफूज अली ने खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष की तरफ से पैरवी करते हुए शासकीय अधिवक्ता हेमंत कुमार ने कहा कि बखिरा थाना क्षेत्र के मुंडेरी गांव के अब्दुल क्यूम ने मुंबई में रहकर एक लड़की से फेसबुक के जरिये दोस्ती की। उसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। बाद में शादी करने से इन्कार कर दिया। मामले में आरोपित की अग्रिम जमानत अर्जी पड़ी थी, जो खारिज हो गई।
चाकू के साथ एक गिरफ्तार
धनघटा पुलिस ने चाकू के साथ थानाक्षेत्र के सेमरी निवासी राजू पंडित को गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक राजाराम यादव ने बताया कि कस्बा में गश्त के दौरान आरोपित के संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई तो उसके पास से चाकू मिला।