स्वतंत्रता दिवस पर प्रतिबंधित रहेंगे प्‍लास्टिक के झंडे, लाइटों से जगमगाएंगे सरकारी भवन

गोरखपुर जिले में स्‍वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान प्‍लास्टिक के झंडे पूरी तरह प्रतिबंध‍ित रहेंगे। 14 अगस्‍त को सरकारी भवनों पर लाइट से सजावट की जाएगी। स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में कोविड प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 09:10 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 09:10 PM (IST)
स्वतंत्रता दिवस पर प्रतिबंधित रहेंगे प्‍लास्टिक के झंडे, लाइटों से जगमगाएंगे सरकारी भवन
स्‍वतंत्रता दिवस पर नहीं दिखेंगे प्‍लास्टिक के झंडे। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान प्लास्टिक के झंडे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। 14 अगस्त को सभी सरकारी भवनों पर लाइट से सजावट की जाएगी। जिस विभाग के भवन की सजावट अच्छी होगी, उसे पुरस्कृत भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा। यह बातें जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने कहीं। वह विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठककर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बारे में चर्चा कर रहे थे।

क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में क्रास कंट्री रेस का किया गया आयोजन

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह छह बजे से क्षेत्रीय क्रीड़ांगन से क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। 6.30 बजे प्रभातफेरी होगी। सुबह सात बजे सभी तहसीलों एवं मुख्यालय के विभिन्न चौराहों पर लगी महापुरुषों की मूर्तियों पर पुष्प अर्पित किया जाएगा। 10 अगस्त तक साफ-सफाई कार्यों का सत्यापन कराना होगा। सुबह आठ बजे सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों एवं शैक्षिक संस्थाओं पर ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह नौ बजे शहीद स्मारक चौरी चौरा एवं सहजनवां क्षेत्र के अंतर्गत डोहरिया खास में शहीदों की स्मृति में शहीद स्थल पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी दौरान पौधारोपण भी होगा। जिला परिषद हाल में सुबह 9.30 से 11 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 11.30 से दोपहर बाद तीन बजे तक मलिन बस्तियों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से अस्पताल, शेल्टर होम आदि स्थानों पर फल आदि का वितरण किया जाएगा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का हो उचित सम्मान

जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का उचित सम्मान होना चाहिए। महानगर के प्रमुख स्थानों एवं तहसील व ब्लाक मुख्यालयों को राष्ट्रभक्ति गीतों से गुंजायमान किया जाए।

अमृत महोत्सव के अंतर्गत होंगे कई कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नौ अगस्त को काकोरी कांड के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 10 एवं 11 अगस्त को चौरी चौरा में कार्यक्रम होगा। इसके बाद डोहरिया कला में भी शहीदों को याद किया जाएगा। 15 अगस्त को सभी शहीद स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। 16 को शहीद बंधु सिंहकी स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है।

chat bot
आपका साथी