पिपराइच स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर वैक्‍सीन नहीं पहुंचने पर आक्रोशित हुए लोग, काटा जमकर हंगामा

जिले को पर्याप्त वैक्सीन मिल जाने के बाद भी उसे कई बूथों पर नहीं भेजी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच में सुबह से ही लोग लाइन लगाए थे। 11.30 बजे तक जब वैक्सीन नहीं पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 02:15 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 02:15 PM (IST)
पिपराइच स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर वैक्‍सीन नहीं पहुंचने पर आक्रोशित हुए लोग, काटा जमकर हंगामा
संक्रामक रोग अस्पताल में टीकाकरण के लिए जलजमाव में खड़े लाभार्थी। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : जिले को पर्याप्त वैक्सीन मिल जाने के बाद भी उसे कई बूथों पर नहीं भेजी गई। बूथाें पर बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंच गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच में सुबह से ही लोग लाइन लगाए थे। 11.30 बजे तक जब वैक्सीन नहीं पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीण अधिकारियों को अपशब्द बोलने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने दरवाजे का शीशा तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्र‍ित किया। हालांकि लोगों को संभालने में पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

फोर्स पहुंचने पर भी ग्रामीण करते रहे हंगामा

मामला नियंत्रण से बाहर होते देख अधीक्षक डा.नंदलाल कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी। पिपराइच थाना प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उसके बाद भी ग्रामीणों का उत्पात जारी रहा। पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई। टीका लगवाने आईं संगीता, रेशमा, गुड़‍िया, बालसारी, मालती, शुद्धि, रामबचन, मंगल, रामहरख ने बताया कि टीका के लिए बिना खाए-पीए भोर में ही यहां आ गए थे। न तो टीका लगा और न ही यह जानकारी दी गई कि हम टीका लगवाने कब आएं।

17477 को लगाया गया कोरोना रोधी टीका

बारिश के बावजूद 71 बूथों पर 17477 लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाया गया। 14524 को पहली डोज व 2953 को दूसरी डोज दी गई। बूथों पर उत्साह का माहौल था। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग बूथों पर पहुंचे थे।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

सुबह 10 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। 10:30 से तेज बारिश शुरू हो गई। महिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शोरगुल होने लगा। जगह कम होने व भीड़ अधिक होने से कई बार विवाद की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि सभी को टीका लगाया गया।

एमआरआइ सेंटर पर नहीं थे बारिश से बचने के इंतजाम

जिला अस्पताल के एमआरआइ सेंटर व संक्रामक रोग अस्पताल में बारिश से बचने के कोई इंतजाम नहीं थे। लोग बारिश में भीगते रहे। इन बूथों से कुछ लोग महिला अस्पताल चले गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.एनके पांडेय ने बताया कि बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में लोग बूथों पर टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे।

तीन अगस्त को चलेगा विशेष अभियान

तीन अगस्त को विशेष अभियान चलाकर लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसकी तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है। डा.एनके पांडेय ने बताया कि इस विशेष दिवस पर 50 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 150 से अधिक बूथ बनाए जाने की तैयारी चल रही है।

80 किन्नरों ने लगवाया टीका

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा के तत्वावधान में किन्नर समुदाय के लोगों के लिए हरसेवकपुर नंबर दो स्थित साईधाम कालोनी में कोरोना रोधी टीका शिविर का आयोजन किया गया। 80 किन्नरों ने टीका लगवाया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. धनंजय कुशवाहा, स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार व पवन तथा किन्नर निशा, नीतू आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी