पंचायत सचिवों ने अनिश्चितकाल के लिए किया सरकारी कार्य का बहिष्कार

विकास भवन के सभागार में पंचायत सचिवों ने की बैठक ब्लाक मुख्यालयों पर लटका रहा ताला

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 09:30 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 09:30 PM (IST)
पंचायत सचिवों ने अनिश्चितकाल के लिए किया सरकारी  कार्य का बहिष्कार
पंचायत सचिवों ने अनिश्चितकाल के लिए किया सरकारी कार्य का बहिष्कार

संतकबीर नगर: जनपद के सभी ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारियों ने बुधवार से अनिश्चितकाल के लिए सरकारी कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है। इसकी वजह से खलीलाबाद सहित अन्य ब्लाक मुख्यालयों के मुख्य गेट पर ताला लटका रहा। पंचायत सचिवों ने विकास भवन के सभागार में बैठक की। चार सूत्रीय मांगों के संबंध में विचार-विमर्श किया। इनके समर्थन में कई कर्मचारी संगठन आगे आए। 48 घंटे में धारा परिवर्तन और पूर्व ब्लाक प्रमुख की गिरफ्तारी न होने पर वृहद आंदोलन करने की चेतावनी दी।

उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह व उत्तर प्रदेश ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी चंदन सिंह 26 जुलाई 2021 को हैंसर बाजार ब्लाक मुख्यालय में बैठकर सरकारी कामकाज निपटा रहे थे। दिन में करीब साढ़े तीन बजे पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रिस अगम सिंह ने उन्हें प्रमुख के कक्ष में बुला लिया। वहां पर वह अपने दो-तीन अन्य साथियों के सहयोग से ग्राम पंचायत अधिकारी को लात, घूसों से पीटने लगे। कुछ अभिलेख छीन लिए तो कुछ फाड़ दिए। पीड़ित ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर धनघटा के थानाध्यक्ष ने पूर्व ब्लाक प्रमुख के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जबकि नाथनगर व पौली ब्लाक मुख्यालय में इस तरह की घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख की दबंगई का इतिहास है। इनके खिलाफ गैंगस्टर व रासुका लगाते हुए इन्हें 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाए। पीड़ित ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ मनगढ़ंत गलत एफआइआर दर्ज कराने का प्रयास चल रहा है, इसे रोका जाए। ब्लाक परिसर में प्रमुख प्रतिनिधि व असलहाधारियों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। ब्लाक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। उनके संगठन के मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण कर्मचारी संघ आगे आए हैं। सफाई कर्मी संघ के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष लालचंद्र चौहान ने कहा कि कर्मचारियों के साथ गुंडागर्दी कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अशोक राय सहित अन्य पंचायत सचिव, संजय शर्मा, परमहंस गौतम, उदयराज यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी