UP Panchayat Election 2021: थमा चुनाव प्रचार का शोर, आज बूथों पर पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां- गोरखपुर में 29.78 लाख मतदाता कल डालेंगे वोट

Gorakhpur UP Panchayat Election 2021 गोरखपुर में चुनाव में प्रचार का शोर मंगलवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। पोलिंग पार्टियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मतदान केंद्रों तक जाने के लिए ब्लाक पर बसें पहुंच गई हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 07:05 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 09:22 AM (IST)
UP Panchayat Election 2021: थमा चुनाव प्रचार का शोर, आज बूथों पर पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां- गोरखपुर में 29.78 लाख मतदाता कल डालेंगे वोट
गोरखपुर में चुनाव प्रचार थम गया है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रचार का शोर मंगलवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। प्रत्याशी अब घर-घर जाकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर सकेंगे। पोलिंग पार्टियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मतदान केंद्रों तक जाने के लिए ब्लाक पर बसें पहुंच गई हैं। सुबह 10 बजे कर्मचारियों को निर्धारित ब्लाकों पर रिपोर्ट करना होगा। वहां से उन्हें मतदान सामग्री देकर किस बूथ पर जाना है, इसकी जानकारी दी जाएगी। जिले में 1855 मतदान केंद्रों के 4657 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान गुरुवार की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। जिले में 29 लाख 78 हजार 569 मतदाता अपना प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत सदस्य चुनेंगे।

बूथों पर पूरे हुए इंतजाम

सभी कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी से अवगत करा दिया गया है। एक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित चार कर्मचारी होंगे। देर रात बूथ चार्ट जारी होने की संभावना है। ब्लाक पर ही पोलिंग पार्टियों को मतपेटिका, मतपत्र एवं मतदान से जुड़ी अन्य सामग्री प्रदान की जाएगी। इसके बाद ब्लाकों पर उपलब्ध बसों से सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित बूथ तक जाएंगी। बूथों पर भी सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। समय से ब्लाक न पहुंचने वाले मतदानकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को दोपहर तक सभी बसों को जिले से ब्लाकों के लिए रवाना कर दिया गया था। चंपा देवी पार्क से चुनाव ड्यूटी में मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों को गाड़ी उपलब्ध करायी गई। डीजल की पर्ची प्राप्त करने के लिए बस चालकों की भीड़ लगी रही।

पुलिस ने बढ़ायी गश्त

गाड़ियों, लाउडस्पीकर आदि के जरिए शोर थमते ही पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस की गश्त ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ गई है। अंतिम दिनों में ही विवाद की आशंका भी रहती है, इसको देखते हुए भी सतर्कता बरती जा रही है। मंगलवार को जिला पंचायत एवं ग्राम प्रधान पद के अधिकतर प्रत्याशियों ने जुलूस निकालकर अपनी ताकत दिखायी।

महिला कर्मचारियों को रात में घर जाने की होगी छूट

मतदान कार्य में लगी महिला कर्मचारियों को रात में घर जाने की छूट होगी। पोलिंग पार्टियों में शामिल पुरुष कर्मचारियों का संबंधित बूथ पर रुकना अनिवार्य है। हालांकि मतदान कार्य में लगी अधिकतर महिला कर्मचारी गोरखपुर शहर से ही जाएंगी। जिनकी ड्यूटी दूरस्थ ब्लाकों में है, उन्हें वापस आने व सुबह समय से बूथ तक पहुंचने में समस्या हो सकती है। मतदान के दिन सुबह पांच बजे उन्हें मतदान स्थल पर पहुंचना होगा।

गड़बड़ी दिखे तो प्रेक्षक से भी कर सकेंगे शिकायत

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में 15 अप्रैल को होने वाले मतदान पर नजर रखने के लिए दो प्रेक्षक सोमवार को गोरखपुर पहुंच गए। ये प्रेक्षक दो मई को होने वाली मतगणना पर भी नजर रखेंगे। गोरखपुर में विशेष सचिव गृह अटल राय एवं जल निगम उत्तर प्रदेश के संयुक्त प्रबंध निदेशक संजय कुमार खत्री को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। गोरखपुर पहुंचने के बाद दोनों प्रेक्षकों ने स्थानीय अधिकारियों से चुनाव से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। किसी अनियमितता पर प्रेक्षक अटल राय से मोबाइल नंबर 9454416236, फोन नंबर 0551-2230681 पर जबकि संजय कुमार खत्री से 9454416249 एवं फोन नंबर 0551-230680 पर शिकायत की जा सकती है।

बंद हुईं शराब की दुकानें

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए जिले में शराब की दुकानों को मंगलवार की शाम पांच बजे से बंद करने का निर्देश दिया गया था। दुकानें शाम निर्धारित समय के बाद बंद होने लगीं। मतदान की समाप्ति तक दुकानें बंद रखी जाएंगी।

ब्लाकवार बूथ व मतदाताओं की स्थिति

ब्लाक मतदान केंद्र बूथ मतदाता

भटहट 115 248 161419

उरुवां 120 303 189173

ब्रह्मपुर 103 269 168496

जंगल कौड़िया 65 171 104908

पिपराइच 85 224 140702

गगहा   90 269 170036

पाली   94 192 123825

कैंपियरगंज 88 259 171394

चरगांवा 66 207 138754

गोला      84 203 128978

बड़हलगंज 109 271 172247

खोराबार 76 196 128629

बेलघाट 114 272 174207

सरदारनगर 79 223 138317

सहजनवां 77 195 127889

पिपरौली 117 257 167223

खजनी 116 281 176401

बांसगांव 108 226 144095

कौड़ीराम 91 238 155225

भरोहिया 58  153 96651

कुल 1855 4657 2978569

-

chat bot
आपका साथी