जहां पहुंचे किसान वहां हुई धान की खरीद, दीपावली के अवकाश के बाद खुले केंद्र

दैनिक जागरण में किसानों की दुश्वारियों से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी विजय किरन आनंद एवं प्रभारी संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर अधिकारी सुबह से ही जिले के विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने निकल पड़े।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Tue, 09 Nov 2021 05:19 PM (IST) Updated:Tue, 09 Nov 2021 08:43 PM (IST)
जहां पहुंचे किसान वहां हुई धान की खरीद, दीपावली के अवकाश के बाद खुले केंद्र
जहां पहुंचे किसान वहां हुई धान की खरीद। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा को लेकर प्रशासन एवं खाद्य विभाग के अधिकारी सोमवार को एक्शन मोड में नजर आए। दैनिक जागरण में किसानों की दुश्वारियों से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी विजय किरन आनंद एवं प्रभारी संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर अधिकारी सुबह से ही जिले के विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने निकल पड़े। जिस भी केंद्र पर किसान पहुंचे, वहां धान की खरीद की गई। अब तक अनुमोदित सभी 127 क्रय केंद्र खुले रहे लेकिन 92 केंद्रों पर ही किसान धान लेकर पहुंचे।

एक नवंबर से शुरू हुई धान की खरीद

एक नवंबर से जिले में धान की खरीद शुरू हुई है। धान खरीद के दौरान किसानों के अनुभव को लेकर दैनिक जागरण में आठ नवंबर के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी। किसानों ने क्रय केंद्रों पर दुश्वारियों की शिकायत की थी। तीन नवंबर तक करीब 40 क्रय केंद्रों पर ही खरीद हुई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद आठ नवंबर को सभी क्रय केंद्र खोले गए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न क्रय केंद्रों का दौरा किया।

क्रय केंद्रों के प्रभारियों ने किसानों को खिलाई मिठाई

कुछ क्रय केंद्र पर आए किसानों को क्रय केंद्र प्रभारियों की ओर से मिठाई खिलाई गई। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान तौल मशीनों की भी जांच की। संभागीय खाद्य नियंत्रक के निर्देश पर सभी जिलों में जिला खाद्य विपणन अधिकारियों ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। गोरखपुर के जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जैसे-जैसे किसान आते जाएंगे, उनसे खरीद की जाएगी।

184 किसानों से खरीदा गया 5750 कुंतल धान

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि आठ नवंबर तक जिले में 184 किसानों से 5750 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। सोमवार को उन्होंने बड़हलगंज, गोला तथा उरुवा ब्लाकों के 14 क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी क्रय केंद्र खुले पाए गए। जिन किसानों का धान तैयार है और वे क्रय केंद्रों तक आ रहे हैं, उनका धान खरीदा जा रहा है। जैसे-जैसे किसान केंद्रों तक आएंगे, खरीद की जाएगी। किसी को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने पाएगी।

473 क्रय केंद्रों पर हो रही खरीद

जीडीए उपाध्‍यक्ष और प्रभारी संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि मंडल में धान खरीद की समीक्षा की गई है। कुल 473 क्रय केंद्र बनाए गए हैं और सोमवार को हर क्रय केंद्र खुला रहा। पांच और क्रय केंद्र जल्द ही खोले जाएंगे। किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने पाएगी।

chat bot
आपका साथी