Oxygen in Gorakhpur: गोरखपुर में दोगुने रेट पर आक्सीजन, विभाग को कोई परवाह नहीं
अब तक अस्पताल को मोदी गैसेज से आक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति होती थी। उनकी गाड़ी तय समय पर अस्पताल तक सिलेंडर पहुंचा देती थी। अब प्रशासन ने आपूर्ति की जिम्मेदारी आरके गैसेज को दे दी है। मोदी की तुलना में इनका रेट लगभग दोगुना है।
गोरखपुर, जेएनएन। आक्सीजन के रेट को लेकर अब नया मामला समने आया है। कोविड लेवल थ्री बांबे हास्पिटल के निदेशक डा. अजय शुक्ला ने कहा है कि प्रशासन ने अचानक आपूर्तिकर्ता बदल दिया। दूसरे आपूर्तिकर्ता से आक्सीजन लगभग दोगुने रेट पर मिल रहा है। इस वजह से दिक्कतें बढ़ गई हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक अस्पताल को मोदी गैसेज से आक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति होती थी। उनकी गाड़ी तय समय पर अस्पताल तक सिलेंडर पहुंचा देती थी। अब प्रशासन ने आपूर्ति की जिम्मेदारी आरके गैसेज को दे दी है। मोदी की तुलना में इनका रेट लगभग दोगुना है। उन्होंने इसकी शिकायत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व जिला प्रशासन से की है। इस संबंध में आरके गैसेज के निदेशक अजय जायसवाल का कहना है कि ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा निर्धारित दर पर अस्पतालों को आक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।
वैक्सीन की कमी से सिर्फ 37 बूथों पर हुआ टीकाकरण
वैक्सीन की कमी का संकट स्वास्थ्य विभाग झेल रहा है। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न होने से गुरुवार को सिर्फ 37 बूथों पर ही टीकाकरण आयोजित किया गया। जबकि विभाग ने अप्रैल में ही तय किया था कि हर सोमवार, गुरुवार व शुक्रवार को टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा और इन तीनों दिन 16-16 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। अभी तक किसी भी सोमवार, गुरुवार व शुक्रवार को यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। यदि आज वैक्सीन नहीं आई तो शुक्रवार को भी अधिक बूथों पर टीकाकरण संभव नहीं हो सकेगा। 10 बूथों पर युवाओं के लिए और 27 बूथों पर 45 उम्र पार लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण सुबह 10 बजे शुरू हुआ। बूथों पर भीड़ लगी रही। वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों में उत्साह है। लोग लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने जिला अस्पताल व संक्रामक रोग विभाग में बने बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिला महिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. माला कुमारी सिन्हा ने निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेटर को मानक के अनुसार टीकाकरण का निर्देश दिया। कहा कि जिन्हें कोविशील्ड की पहली डोज लगाई गई है, उनका 42 दिन पूरा होने पर ही दूसरी डोज लगाई जाए।
सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय का कहना है कि बूथों पर उत्साह का माहौल है। सुचारु रूप से टीकाकरण चल रहा है। अभी तक कहीं से किसी को परेशानी होने की सूचना नहीं आई है।