गोरखपुर का जिलाबदर माफिया सुधीर सिंह समेत 48 से अधिक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

गोरखपुर ग्रामीण के भाजपा विधायक बिपिन सिंह की पत्नी नीता सिंह कौड़ीराम ब्लाक के वार्ड से जबकि कैंपियरगंज के विधायक फतेहबहादुर सिंह के पुत्र बिश्वान सिंह कैंपियरगंज ब्लाक के वार्ड से बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। जिला बदर माफिया सुधीर सिंह निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुआ है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 06:28 PM (IST)
गोरखपुर का जिलाबदर माफिया सुधीर सिंह समेत 48 से अधिक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
गोरखपुर में 48 से अधिक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पर्चा वापसी के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए 42 से अधिक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। अंतिम आंकड़े जारी होने पर यह संख्या अभी और बढ़ सकती है। जो लोग निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, उनमें कई प्रमुख नाम शामिल हैं। गोरखपुर ग्रामीण के भाजपा विधायक बिपिन सिंह की पत्नी नीता सिंह कौड़ीराम ब्लाक के वार्ड से जबकि कैंपियरगंज के विधायक फतेहबहादुर सिंह के पुत्र बिश्वान सिंह कैंपियरगंज ब्लाक के वार्ड से बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। जिला बदर माफिया सुधीर सिंह निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुआ है।

विधायक फतेहबहादुर सिंह के पुत्र एवं बिपिन सिंह की पत्नी का हुआ निर्वाचन

कैंपियरगंज विधायक की पत्नी साधना सिंह जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव भी लड़ रही हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में कई ब्लाकों के निवर्तमान प्रमुख एवं उनके समर्थक शामिल हैं। प्रमुख पद के दावेदार अधिकतर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 50 फीसद से अधिक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। विकास खंड कौड़ीराम के क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या 76 से नीता सिंह निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुई है। नीता 2005 एवं 2010 में कौड़ीराम की ब्लाक प्रमुख भी रही हैं। जंगल कौड़िया ब्लाक में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव वार्ड नंबर एक से, उनकी पत्नी मंजू यादव वार्ड नंबर 23 से निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। वार्ड संख्या 14 से रीता देवी व 44 से सुमिरन मुब्बार निर्विरोध बीडीसी सदस्य बने हैं। 

गगहा ब्लाक में 13 बीडीसी निर्विरोध चुने गए। वार्ड संख्या 52 से शिवाजी चंद, वार्ड संख्या 22 से तेजप्रताप चंद, 24 से संतराजी व 25 से लीलावती के खिलाफ कोई प्रत्याशी न होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। भरोहिया ब्लाक में वार्ड नंबर नौ से डा. सुनीता सिंह पत्नी संजय कुमार सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। बड़हलगंज ब्लाक में पांच बीडीसी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस ब्लाक के वार्ड संख्या 26 से सुनीता तिवारी, वार्ड संख्या 54 से वंदना राय, वार्ड संख्या 55 से रंजना राय, वार्ड संख्या 57 से काजल पांडेय व वार्ड संख्या 81 से राजीव पाण्डेय निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्विरोध निर्वाचित पांचों प्रत्याशी बड़हलगंज में प्रमुख पद के दावेदार हैं। 

यह भी हुए निर्विरोध निर्वाचित

सरदारनगर ब्लाक की निवर्तमान ब्लाक प्रमुख शशिकला यादव पत्नी मनोज यादव वार्ड संख्या दो रसूलपुर से निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। चरगांवा ब्लाक के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख सुनील पासवान वार्ड संख्या पांच से तथा उनकी पत्नी संगीता पासवान वार्ड संख्या 49 से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनी गई हैं। भटहट ब्लाक के वार्ड संख्या 32 से संजू यादव, वार्ड संख्या 25 से सरोजा देवी एवं वार्ड संख्या 84 से बीना देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए निर्विरोध चुनी गयी हैं। उरुवा ब्लाक के वार्ड संख्या 45 से शांति व वार्ड संख्या 46 से प्रभावती निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। कैंपियरगंज ब्लाक के वार्ड नंबर 95 से विमला जायसवाल एवं वार्ड नंबर आठ से बृजेश शुक्ला निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। खजनी के वार्ड नंबर एक से रंजना सिंह, वार्ड नंबर दो से उर्मिला, वार्ड तीन से रीता, वार्ड आठ से मंजू, वार्ड 37 से संजय व वार्ड 71 से जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष गुलाब सिंह की बहू अंशु देवी निर्विरोध चुनी गई हैं। बांसगांव ब्लाक के वार्ड संख्या 65 से प्रभावती देवी निर्विरोध चुनी गई हैं।

जिला बदर माफिया सुधीर सिंह के सामने नहीं आया कोई प्रत्‍याशी

जिला बदर माफिया एवं पिपरौली का निवर्तमान ब्लाक प्रमुख सुधीर सिंह ब्लाक के वार्ड नंबर 52 से निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुआ है। उसके सामने पर्चा दाखिल करने वाले अन्य प्रत्याशियों ने बुधवार को नाम वापस ले लिया। जिला बदर होने के कारण सुधीर सिंह ने नामांकन दाखिल करने की अनुमति के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन के यहां आवेदन दिया था लेकिन अनुमति नहीं मिली थी।

इसके बाद उसके प्रस्तावक ने हस्ताक्षर कराकर नामांकन पत्र दाखिल किया था। जानकारों के अनुसार निर्वाचन नियमावली में ऐसा प्रावधान है। पिपरौली के आरओ एसबी सिंह ने सुधीर के निर्वाचन की पुष्टि की है। सुधीर सिंह के निर्विरोध चुने जाने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सुधीर के साथ ही इस ब्लाक के वार्ड नंबर 45 से उसकी पत्नी अंजू देवी, वार्ड नंबर 38 से संजू सिंह, वार्ड नंबर 44 से दिलीप यादव एवं वार्ड नंबर 87 से उर्मिला निर्विरोध चुनी गई हैं।

chat bot
आपका साथी