गोरखपुर में बिना टिकट यात्रा कर रहे लोगों से वसूल लिए डेढ़ करोड़ रुपये

दिल्ली और मुंबई के लिए कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा तो लोग बिना टिकट भी ट्रेनों में बैठ जा रहे हैं। लखनऊ मंडल की संयुक्त टीम ने गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली ट्रेनों की जांच कर महज आठ दिन में बिना टिकट 20224 यात्रियों को पकड़ा है।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 04:15 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 04:15 PM (IST)
गोरखपुर में बिना टिकट यात्रा कर रहे लोगों से वसूल लिए डेढ़ करोड़ रुपये
बिना टिकट यात्रा कर रहे लोगों से वसूल किया गया डेढ़ करोड़ रुपये। प्रतीकात्‍म तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : दिल्ली और मुंबई के लिए कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा तो लोग बिना टिकट भी ट्रेनों में बैठ जा रहे हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की संयुक्त टीम ने गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली ट्रेनों की जांच कर महज आठ दिन में बिना टिकट 20224 यात्रियों को पकड़ा है। पकड़े गए लोगों से जुर्माने के रूप में 15238247 रुपये की वसूली की गई। बता दें कि कोरोना संक्रमण का प्रकोप थोड़ा थमा तो यहां आए लो वापस रोजगार के लिए जाने लगे हैं, जिस कारण ट्रेनों में न जगह मिल पा रही है न टिकट।  

बिना मास्‍क यात्रा करने वाले 206 यात्री पकड़े गए

बिना टिकट यात्रियों के अलावा टीम ने 21 से 29 जुलाई तक बिना मास्क के यात्रियों के खिलाफ भी अभियान चलाया। इसमें 206 यात्री पकड़े गए, जिनसे 20600 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले नौ यात्रियों को भी पकड़ा गया। उनसे भी 900 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

सघन जांच अभियान में पकड़े गए कुल 20,436 मामले

जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम के सघन जांच अभियान के दौरान कुल 20,436 मामले पकड़े गए हैं। 15259749 रुपये की वसूली की गई है।

गोरखपुर में भी बिना मास्क के पकड़े गए हैं 108 यात्री

स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में गोरखपुर जंक्शन पर भी बिना मास्क के खिलाफ अभियान चलाया गया है। अभियान के अंतिम दो दिन बिना मास्क के 108 यात्री पकड़े गए। बिना टिकट पांच लोग भी हत्थे चढ़े हैं। अवैध वेंडिंग के खिलाफ अभियान में अनधिकृत पानी की 240 बोतलें भी जब्त की गई हैं।

बालक व किशोरी को किया चाइल्ड लाइन के हवाले

रेलवे सुरक्षा बल की टीम को गोरखपुर स्टेशन पर पांच वर्ष का बालक और 15 वर्ष की किशोरी मिली। घर का पता और मोबाइल नंबर की जानकारी नहीं होने पर टीम ने दोनों को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने दी।

chat bot
आपका साथी