17 को आएंगे मुख्‍यमंत्री, पिपराइच चीनी मिल में तैयारियां शुरू Gorakhpur News

मुख्‍यमंत्री के आगमन के मद्देनजर चल रही तैयारियों की जानकारी ली गई। इसकी समीक्षा के लिए 14 नवंबर को प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश सिंह राणा स्वयं पिपराइच आ रहे हैं।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 07:52 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 07:00 AM (IST)
17 को आएंगे मुख्‍यमंत्री, पिपराइच चीनी मिल में तैयारियां शुरू Gorakhpur News
17 को आएंगे मुख्‍यमंत्री, पिपराइच चीनी मिल में तैयारियां शुरू Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 नवंबर को गोरखपुर आएंगे। वह पिपराइच भी जाएंगे। पिपराइच चीनी मिल उद्घाटन के मद्देनजर सभी तैयारियां शुरू कर दी गई है। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक महेंद्र  पाल सिंह ने दी। वह मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक व चीनी मिल में चल रही तैयारियों का जायजा लेने गए थे।

14 नवंबर को आएंगे गन्‍ना मंत्री

इससे पहले विधायक के साथ बीज प्रमाणिक संस्था के उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, नगर पंचायत के चेयरमैन जितेंद्र जायसवाल, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी व पूर्व ब्लाक प्रमुख आनंद शाही आदि चीनी मिल के जीएम जितेंद्र श्रीवास्तव के पास पहुंचे। वहां पर मुख्‍यमंत्री के आगमन के मद्देनजर चल रही तैयारियों की जानकारी ली गई। विधायक ने कहा कि इसकी समीक्षा के लिए 14 नवंबर को प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश सिंह राणा स्वयं पिपराइच आ रहे हैं।

चीनी मिल से जुड़ी प्रमुख सड़कों की बदलेगी सूरत

सीएम के निर्देश पर चीनी मिल पिपराइच से जुड़ी सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए 50 करोड़ रुपये कुशीनगर व गोरखपुर पीडब्लूडी विभाग को शासन ने दिया है। बता दें पिपराइच चीनी मिल परिक्षेत्र से जुड़ी अधिकांश सड़क सिंगल लेन की हैं। इसमें भी कई मार्गों की स्थिति खस्ताहाल है। सिंगल लेन की जर्जर सड़कें पेराई सत्र में किसानों के लिए संकट का कारण बन सकती है। ऐसे में सभी सड़कों की मरम्‍मत होने के साथ ही चौड़ीकरण का कार्य भी होगा।

मिल परिक्षेत्र में 300 से अधिक गांव जुड़े

पिपराइच मिल परिक्षेत्र में लगभग 300 से अधिक गांव जुड़े हैं। इसमें गोरखपुर के अलावा समीपवर्ती कुशीनगर व महराजगंज जनपद के भी किसान पिपराइच में अपना गन्ना गिराने के लिए इस बार पहुंचेंगें।

सीएम ने साल भर पहले दिया था निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब 17 नवंबर 2018 को पिपराइच में निरीक्षण करने गए थे तो उन्‍होंने मंडलायुक्त से चीनी मिल से जुड़ी सभी प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण का निर्देश दिया था, लेकिन इस्टीमेट और बजट स्वीकृति में एक साल बीत गया। चीनी मिल के महाप्रबंधक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इन सभी सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण की जिम्मेदारी पीडब्लूडी कुशीनगर व गोरखपुर के अधिशासी अभियंता को दी गई है।

इन सड़कों का होगा कायकल्प

पिपराइच से हाटा मार्ग, सिधावल से परतावल मार्ग और ग्राम हरखापुर से सिधावल सड़क की मरम्‍मत और चौड़ीकरण की योजना है। हालांकि सिधावल-हरखापुर मार्ग के लिए चार करोड़ दिया गया है, लेकिन कार्य नहीं शुरू हो सका है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी कुशीनगर के अवर अभियंता दयाराम पासवान ने बताया कि दो तीन दिन में टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी