ओमप्रकाश राजभर ने कहा- सुशांत, कंगना के नाम पर अपनी नाकामी छिपा रही योगी सरकार

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जगह-जगह भ्रष्टाचार हो रहे हैं लूट हत्याएं हो रही हैं और प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने के नाम पर सरकार अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 09:50 AM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 11:06 AM (IST)
ओमप्रकाश राजभर ने कहा- सुशांत, कंगना के नाम पर अपनी नाकामी छिपा रही योगी सरकार
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जगह-जगह भ्रष्टाचार हो रहे हैं, लूट, हत्या जैसी वारदातों को रोक पाने में योगी सरकार पूरी तरह से असफल है। प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने के नाम पर योगी सरकार अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है।

गोरखपुर दौरे पर आए राजभर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो कहा था कि प्रदेश को गुंडा मुक्त बनाएंगे, लेकिन लगता है कि गुंडा मुक्त नहीं बल्कि गुंडा युक्त प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि काेरोना की वजह से हजारों लोग मर गए और करोड़ों लोगों की नौकरी चली गई, लेकिन केंद्र सरकार का सारा ध्यान रेल, एलआईसी और दूसरे बड़े प्रतिष्ठान को बेचने में लगा हुआ है। भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी झूठी पार्टी करार देते हुए राजभर ने कहा कि सरकार बनने से पहले पार्टी ने कहा था कि भारत को सोने की चिड़िया बनाएंगे तो लोगों को लगा कि भारत सही में सोने की चिड़िया बन जाएगी तो भाजपा की सरकार बन गई। फिर भारत को विश्व गुरु बनाने की बात कही तो विश्वगुरु नहीं बना पाए। अब भारत को आत्मनिर्भर बनाने की बात कह रहे हैं। अब बीच में सुशांत की मौत और कंगना रनौत को लेकर चले आए हैं। सुशांत की मौत से बेरोजगार और किसानों क्या लेना-देना।

2022 में बनाएंगे सरकार

आगे की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर राजभर ने बताया कि बाबू सिंह कुशवाहा, कृष्णा पटेल, अनिल चौहान, प्रेमचंद प्रजापति, बाबू रामपाल, रामधनी, रामकरण कश्यप की पार्टी के साथ मिलकर भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया गया है जो 2022 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। अभी हम सरकार बनाने के लिए काम कर रहे हैं। अगर सरकार बनाने में असफल भी हो गए तो सरकार बनवाने में सबसे बड़ी भूमिका में रहेंगे।

chat bot
आपका साथी