गोरखपुर में 25 हजार हुई कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या, सौ कंटेनमेंट जोन बनाए गए

गोरखपुर में कोरोना के मामले बढऩे लगे तो प्रशासन के निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन ने छह अप्रैल से कंटेनमेंट जोन बनाना शुरू किया। पहले दिन छह कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। इसके बाद इसकी संख्या में लगातार इजाफा होता चला गया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 10:40 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 06:11 PM (IST)
गोरखपुर में 25 हजार हुई कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या, सौ कंटेनमेंट जोन बनाए गए
गोरखपुर में कंटेनमेंट जोन की संख्‍या सौ से अधिक हो गई है। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जेएनएन। शहर में कंटेनमेंट जोन की संख्या सौ का आंकड़ा पार कर गई है। मंगलवार रात तक शहर में 128 कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके थे। कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढऩे से कंटेनमेंट जोन की भी संख्या में इजाफा होता जा रहा है। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद संबंधित मोहल्ले और गलियों को कंटनमेंट जोन बनाया जा रहा है। गलियों को बांस-बल्ली लगातार बंद किया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में न तो किसी बाहरी को आने दिया जाएगा और न ही बाहर निकलने दिया जाएगा।

छह अप्रैल से बनने शुरू हुए हैं कंटेनमेंट जोन

शहर में कोरोना के मामले बढऩे लगे तो प्रशासन के निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन ने छह अप्रैल से कंटेनमेंट जोन बनाना शुरू किया। पहले दिन छह कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। इसके बाद इसकी संख्या में लगातार इजाफा होता चला गया।

दो बार सैनिटाइजेशन का है निर्देश

कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बनाए गए कंटेनमेंट जोन में दिन में दो बार सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से छिड़काव का निर्देश है। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग बड़ी और छोटी मशीनों से इन इलाकों में सैनिटाइजेशन कराएगा। हालांकि ज्यादातर कंटेनमेंट जोन में दिन में एक बार ही सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।

निजी कंपनियां भी कर रहीं सैनिटाइजेशन

कोरोना वायरस पर सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल को ज्यादा प्रभावी माना जाता है। यही वजह है कि नगर निगम प्रशासन पिछले साल से ही इसका छिड़काव करा रहा है। अब कुछ निजी कंपनियों ने भी सोडियम हाइपो क्लोराइट का छिड़काव शुरू किया है। यह कंपनियां एक से डेढ़ रुपये प्रति वर्गफीट की दर से छिड़काव करा रही हैं। कई इलाकों में नागरिक कंपनी से संपर्क कर छिड़काव करा रहा है। निजी कंपनी से जुड़े लोगों का दावा है कि एक बार छिड़काव से कम से कम 15 दिन तक कोरोना वायरस के प्रभाव से मुक्ति मिल जाती है।

जिले में अब 2976 सक्रिय मरीज

जिले में अब तक 24968 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 375 की मौत हो चुकी है। 21617 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 2976 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 572 संक्रमितों में से 424 शहर के हैं। 

chat bot
आपका साथी