अब रामगढ़ ताल के पास महिलाओं को नहीं होगी दिक्‍कत, जीडीए बनाएगा दो स्मार्ट टायलेट

रामगढ़ताल के किनारे नया सवेरा पर पहुंचे गोरखपुर विकास प्राधि‍करण के उपाध्‍यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने वहां पर दो स्‍मार्ट टायलेट बनाने के निर्देश दिए। अब वहां आने वाले लोगों खासकर महिलाओं को दिक्कत नहीं होगी। काफी समय से वहां टायलेट बनवाने की मांग की जा रही थी।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 04:45 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 04:45 PM (IST)
अब रामगढ़ ताल के पास महिलाओं को नहीं होगी दिक्‍कत, जीडीए बनाएगा दो स्मार्ट टायलेट
नया सवेरा के पास जीडीए बनवाएगा दो स्‍मार्ट टायलेट। फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : रामगढ़ताल के किनारे नया सवेरा पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से दो स्मार्ट टायलेट बनाए जाएंगे। इससे वहां आने वाले पर्यटकों, खासकर महिलाओं को काफी सहूलियत होगी। लंबे समय से यहां टायलेट की मांग की जा रही थी। नया सवेरा पर निरीक्षण करने पहुंचे जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने स्मार्ट टायलेट बनाने के लिए मंजूरी दी।

घूमने आए हुए लोगों से जीडीए उपाध्‍यक्ष ने की बात

जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह वहां पर मुख्य अभियंता पीपी सिंह एवं अन्‍य अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने वहां घूमने आए लोगों से बातचीत भी की। इस दौरान लोगों की ओर से टायलेट की जरूरत बताई गई। एक छोर से दूसरे छोर तक जाकर जीडीए उपाध्यक्ष ने वहां सुविधाओं का जायजा लिया। 800 मीटर लंबाई में बने नया सवेरा पर एक टायलेट वाटर स्पोटर्स कांप्लेक्स के सामने तथा एक दूसरे कोने पर बनाया जाएगा। एक टायलेट पहले से प्रवेश द्वार के पास है।

दशहरा तक लेक व्यू अपार्टमेंट में शिफ्ट हो सकेंगे आवंटी

जीडीए उपाध्यक्ष ने लेक व्यू अपार्टमेंट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने काम तेज करने के निर्देश दिए। अपार्टमेंट के भीतर पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। रंगाई का काम चल रहा है। पार्क एवं अन्य काम तेजी से चल रहे हैं। इस परियोजना के आवंटियों की रजिस्ट्री की जा रही है। दो महीने में सभी काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है, जिससे दशहरा तक सभी लोग यहां शिफ्ट हो सकें।

पुण्यतिथि से पहले स्थापित हो जाएगी महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा

जीडीए उपाध्यक्ष ने महंत दिग्विजयनाथ पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा के आधार को शिफ्ट किया जाना है। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने ठीकेदार को निर्देश दिया कि जल्द उसे शिफ्ट कर दिया जाए। पार्क में मंच का निर्माण भी पूरा कर लिया जाए। सितंबर महीने में ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की पुण्यतिथि के अवसर पर इसका लोकार्पण कराने की तैयारी है।

chat bot
आपका साथी