UP Lok Sabha Election Results 2019 : एक को छोड़ सभी सीटों पर पहले चक्र से ही मुकाबले से बाहर हो गया गठबंधन

Lok sabha Election Result 2019 गोरखपुर-बस्ती की सभी नौ सीटों पर भाजपा ने न केवल दोबारा अपना परचम लहराया बल्कि वोटों की हिस्सेदारी में भी जबरदस्त इजाफा किया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 10:33 AM (IST) Updated:Sun, 26 May 2019 10:54 AM (IST)
UP Lok Sabha Election Results 2019 :  एक को छोड़ सभी सीटों पर पहले चक्र से ही मुकाबले से बाहर हो गया गठबंधन
UP Lok Sabha Election Results 2019 : एक को छोड़ सभी सीटों पर पहले चक्र से ही मुकाबले से बाहर हो गया गठबंधन

गोरखपुर, जेएनएन।  Lok sabha Election Result 2019 भाजपा के खिलाफ एकजुट हुआ पूरा विपक्ष पूर्वांचल में सुनामी बनकर बनाई मोदी की प्रचंड लहर में उड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में गोरखपुर-बस्ती की सभी नौ सीटों पर भाजपा ने न केवल दोबारा अपना परचम लहराया, बल्कि वोटों की हिस्सेदारी में भी जबरदस्त इजाफा किया। चार सीटों पर जीत का अंतर दो लाख से ज्यादा का रहा। मोदी के नाम और योगी के काम के बूते मैदान में उतरने वाले किसी भी भाजपा प्रत्याशी को जीत के लिए जद्दोजहद नहीं करनी पड़ी।

मोदी मैजिक और योगी के क्रेज का आलम यह रहा कि गोरखपुर संसदीय सीट पर चुनाव लडऩे वाले फिल्म स्टार रवि किशन को सात लाख से अधिक वोट मिले। बांसगांव से कमलेश पासवान और डुमरियागंज से जगदंबिका पाल ने जहां जीत की हैट्रिक लगाई वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी का संसद पहुंचने का सपना भी पहली बार साकार हुआ।

गोरखपुर मंडल में आने वाली योगी आदित्यनाथ की परंपरागत गोरखपुर सीट पर बीते उपचुनाव में सपा से मिली हार का बदला लेते हुए भाजपा के रवि किशन ने सपा के रामभुआल निषाद को 3,02,664 मतों से हरा दिया तो बांसगांव में कमलेश पासवान ने बसपा के सदल प्रसाद को 1,53,468 वोटों से मात दी।

देवरिया से रमापति राम त्रिपाठी ने बसपा के बिनोद जायसवाल को 2,46,481 वोटों से शिकस्त दी तो सलेमपुर में रविंद्र कुशवाहा ने बसपा प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा से 112477 वोटों के अंतर से पराजित किया। महराजगंज में पंकज चौधरी ने सपा के अखिलेश सिंह को 3,38,459 वोटों से शिकस्त दी। डुमरियागंज में जगदंबिका पाल ने हैट्रिक लगाते हुए बसपा के आफताब आलम से 105321 वोट से पराजित किया तो संतकबीरनगर में भाजपा के प्रवीण निषाद बसपा के भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी से 23647 वोटों से आगे हैं। कुशीनगर में भाजपा के विजय दुबे गठबंधन प्रत्याशी एनपी कुशवाहा से 262127 वोटों से आगे चल रहे थे तो बस्ती में हरीश द्विवेदी भी बसपा के राम प्रसाद चौधरी से 38539 वोटों से आगे थे।

गोरखपुर लोकसभा सीट

पार्टी     प्रत्याशी             मत

भाजपा  रवि किशन शुक्ला    717122

सपा    रामभुआल निषाद    415458

कांग्रेस  मधुसूदन त्रिपाठी      22755

बांसगांव लोकसभा सीट

पार्टी     प्रत्याशी             मत

भाजपा  कमलेश पासवान      546673

बसपा   सदल प्रसाद         393205

रंग लाई योगी की मेहनत, कायम रहा जलवा

लोकसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मेहनत को सार्थक कर दिया। यही नहीं गोरखपुर सीट पर रवि किशन की  ऐतिहासिक जीत ने वर्ष 2018 उपचुनाव में हार की कसक भी दूर कर दी है। पिछले चुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इस लोकसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। चुनाव प्रचार के दौरान योगी ने महज एक महीने में सवा सौ से ज्यादा सभाएं और रैलियां कीं। इस दौरान उन्होंने न केवल केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं, बल्कि विपक्षी दलों की खामियों को उजागर करते हुए उनपर जमकर शाब्दिक प्रहार भी किया। गोरखपुर सीट को योगी की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा था। ऐसे में इस सीट पर जीत ने इस बात की तस्दीक कर दी कि 2018 की हार औचक ही थी, गोरखपुर में अब भी योगी का जलवा बरकरार है। इस बार के चुनाव में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को भी पूरी रणनीति के तहत चुनाव में इस्तेमाल किया गया। योगी के निर्देश पर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। नतीजतन भाजपा प्रत्याशी फिल्म स्टार रवि किशन ने तीन लाख से अधिक वोटों से गठबंधन के प्रत्याशी राम भुआल निषाद को परास्त किया। योगी ने न केवल आमजन के लिए जनसभाएं कीं बल्कि युवाओं, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों के साथ-साथ अलग-अलग सामाजिक वर्ग के लोगों से भी सीधे संपर्क में रहे। एक-एक दिन में आधा दर्जन सभाएं करना, इस चुनाव में योगी के लिए आम बात रही। मेहनत से मिले परिणाम के आंकड़ों पर अगर बात करें तो गोरखपुर और बस्ती मंडल की सभी नौ संसदीय सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी