Oxygen in Gorakhpur: गोरखपुर में होम आइसोलेशन वालों को आक्सीजन देने के लिए अलग लाइन
गीडा के आरके आक्सीजन प्लांट में एक लाइन में लगे 12 प्वाइंट से केवल होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए सिलेंडर भरे जा रहे हैं। भीड़ अधिक होने के चलते लोगों को इंतजार भी करना पड़ रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को समय से आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने बेहतरीन पहल की है। आरके आक्सीजन प्लांट में एक लाइन में लगे 12 प्वाइंट से केवल होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए सिलेंडर भरे जा रहे हैं। भीड़ अधिक होने के चलते लोगों को इंतजार भी करना पड़ रहा है।
गीडा में आक्सीजन फैक्ट्री की तरफ से 12 प्वाइंट की व्यवस्था
कोरोना महामारी के बढ़ते प्रभाव के बीच संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पतालों के अलावा अधिकांश कोरोना पीडि़त होम आइसोलेशन में रहते हुए इलाज करा रहे हैं। शरीर में आक्सीजन की कमी होने पर आक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। जिसके लिए मरीजों के स्वजन गीडा स्थिति प्लांटों पर पहुंच रहे हैं। दूसरे जिलों से भी लोगों के आने के कारण काफी भीड़ लग जा रही है। कभी-कभी तो भीड़ को संभालना भी मुश्किल हो जा रहा है। प्रशासन की तरफ से पहल करते हुए आरके आक्सीजन प्लांट में अब एक लाइन होम आइसोलेशन के मरीजों का सिलेंडर भराने के लिए आरक्षित कर दी गई है। सेक्टर 15 स्थित आरके आक्सीजन प्लांट की एक लाइन में 12 प्वाइंट बने हैं, जिससे 12 सिलेंडर एक साथ भरे जा रहे हैं। अस्पतालों के अलावा होम आइसोलेशन के मरीजों के लिए गीडा में प्रतिदिन 3000 से 3500 संख्या में आक्सीजन सिलेंडर भरे जा रहे हैं। एसडीएम सहजनवां सुरेश राय ने कहा कि होम आइसोलेशन के मरीजों के लिए अलग से लाइन की व्यवस्था की गई है और प्रतिदिन 1000 से 12 सौ सिलेंडर उपलब्ध भी कराए जा रहे हैं।
तेजी चल रहा अन्नपूर्णा आक्सीजन फैक्ट्री में कार्य
गीडा सेक्टर 13 स्थित अन्नपूर्णा एयर गैसेज आक्सीजन फैक्ट्री को चलाने के लिए प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। बुधवार को भी एयर फोर्स के इंजीनियर मशीनों के मरम्मत कार्य में जुटे हैं। प्रशासन को दिए वक्त में प्लांट को चालू करने की जीतोड़ कोशिश कर रहे हैं।