बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरा पानी

रविवार की सुबह तेज धूप निकली उमस भरी गर्मी भी बढ़ी लेकिन दोपहर होते-होते मौसम जो बदला तो आसमान पर बादल छा गए। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश भले ही थोड़ी ही देर रही मगर बहुत सारे किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 06:15 AM (IST)
बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरा पानी
बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरा पानी

सिद्धार्थनगर : रविवार की सुबह तेज धूप निकली, उमस भरी गर्मी भी बढ़ी, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम जो बदला तो आसमान पर बादल छा गए। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश भले ही थोड़ी ही देर रही मगर बहुत सारे किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। क्योंकि पक कर तैयारी हुई लहलहाती फसल जमीन पर लेट गई। जिसके कारण फसल पर बर्बादी का खतरा बन गया है। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई जिससे गर्मी से जनमानस को राहत मिली।

हवा के साथ बारिश थोड़ी देर तक हुई। अगेती फसल के लिए वर्षा जहां काफी फायदेमंद रही तो वहीं पहले बोई गई फसल जो पूरी तरह पक कर तैयार हो गई थी, उसके लिए नुकसानदेह रही। पिपरा मुर्गिहवा, अहिरौली पड़री, बिस्कोहर आदि कई क्षेत्रों में फसल जमीन पर लेट गई है। मौसम विभाग की ओर से अलर्ट किया गया है कि ऐसा ही मौसम अगले दो-तीन दिन बनेगा, जिसके कारण जो फसल गिरी है, उसकी बर्बादी को लेकर किसान चितित हैं।

कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के मौसम विशेषज्ञ डा. प्रदीप कुमार का कहना है कि धान की फसल के लिए ये बारिश ठीक-ठाक रही। परंतु जहां फसल करीब-करीब तैयार हो गई थी, उसके पौधों पर वजन बढ़ गया और तेज हवा की वजह से वह गिर गई। जिसको देख किसानों की चिता बढ़ी है, दो दिन तक गिरे धान को कोई नुकसान नहीं होगा लेकिन इसके बाद यदि खेत से पानी नहीं निकला और धूप नहीं हुई तो फिर फसल के सड़ने की संभावना बढ़ जाएगी। काला नमक धान की देर से होने वाली फसलों के लिए बारिश बहुत लाभप्रद रहेगी। काला नमक धान की उपज के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी गई है, बल्कि किसानों के पैसे भी बचाए हैं। इतनी वर्षा हो गई है कि किसानों को अब खेतों में पानी नहीं चलाना पड़ेगा।

अलर्ट : 25 किलोमीटर रफ्तार से चल सकती है हवा

इटवा : मौसम विभाग की ओर से पिछले चौबीस घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच 25 किलोमीटर गति से पुरवा हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञ सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि चौबीस घंटे में हवा के साथ हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना में स्थापित स्वचालित मौसम स्टेशन ने रविवार दोपहर एक बजे तक 9.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान 31.1 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पुरवा हवा गति 19 किलोमीटर प्रतिघंटा रिकार्ड की गई।

chat bot
आपका साथी