अपने कालेज पहुंचीं मिस इंडिया मान्या सिंह, छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

कालेज गेट पर मान्या का काफिला जैसे ही पहुंचा लोग पुष्प वर्षा करने लगे। छात्र- छात्राओं ने मान्य दीदी बधाई हो की गूंज से माहौल खुशनुमा हो गया। इससे पहले रामपुर गौनरिया चौराहे पर नागरिकों ने स्वागत किया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 12:26 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 12:26 AM (IST)
अपने कालेज पहुंचीं मिस इंडिया मान्या सिंह, छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
अपने कालेज पहुंचीं मिस इंडिया मान्या सिंह, छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

देवरिया: फेमिना मिस इंडिया 2020 में फ‌र्स्ट रनर अप रहीं मान्या सिंह बुधवार को अपने पैतृक जनपद देवरिया के देसही देवरिया ब्लाक स्थित लोहिया इंटर कालेज सहवां पहुंचीं। कालेज में छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों ने मान्या का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मान्या भावुक हो गईं।

कालेज गेट पर मान्या का काफिला जैसे ही पहुंचा, लोग पुष्प वर्षा करने लगे। छात्र- छात्राओं ने मान्य दीदी बधाई हो, की गूंज से माहौल खुशनुमा हो गया। इससे पहले रामपुर गौनरिया चौराहे पर नागरिकों ने स्वागत किया।

मान्या कालेज के अंदर पहुंचकर कालेज के संस्थापक पूर्व विधायक स्व. नंद किशोर सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कालेज के बच्चों ने हाथ मिलाकर अभिवादन किया। कालेज में छात्राओं को सामने बैठाकर मान्या ने कहा कि बेटियां अपने को कमजोर न समझें। पढ़ाई जारी रखें। कोई भी कामयाबी लगन व परिश्रम से मिलती है। किसी काम को छोटा नहीं समझना चाहिए। मान्या ने कहा कि मेरे कालेज की बच्ची जब आकर कहेगी कि मेरे जैसा बनना चाहती हैं, तो खुशी होगी। कहा कि मैंने इसी कालेज से कक्षा 9 व 10 की पढाई की। मुझे इस कालेज की छात्रा होने पर गर्व है।

मूल रूप से जिले के विक्रम बिशुनपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह की पुत्री मान्या सिंह ने मिस इंडिया 2020 फ‌र्स्ट रनर अप बनने का गौरव प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का खिताब तेलंगाना की मानसा वाराणसी ने जीता है। मान्या, लोहिया इंटर कालेज सहवां में कक्षा 9वीं व 10वीं कक्षा की पढ़ाई की थी। उसके बाद स्वजन के साथ मुंबई चलीं गई। इस अवसर पर मान्या की मां मनोरमा सिंह व पिता ओमप्रकाश सिंह भी साथ रहे। कालेज के प्रबंधक अनिल सिंह ने मान्या का स्वागत किया। कहा कि मान्या पर सभी को अभिमान है। मान्या का ताज छूने को बेताब रहीं छात्राएं

मान्या के ताज को छूने के लिए छात्राएं बेताब रहीं। सभी ने ताज को गले लगाया। सभी में ताज को छूने की होड लगी रही। इससे मान्या भावुक हो गर्इं। इस दौरान शिखा सिंह, मनीषा, पीहू ने कहा की मान्या दीदी बार-बार आएं। यह वक्त कभी नहीं भूलेगा। बेटी पर गर्व

मान्या की मां मनोरमा सिंह व आटो चालक पिता ओमप्रकाश सिंह कहते हैं कि बेटी पर गर्व है। मातृ भूमि पर सम्मान मिलना बहुत बड़ी बात है। जिस तरह से लोगों का स्नेह मिल रहा है। वह सब बेटी की बदौलत है। बेटी को कभी भी हमने पीछे नहीं किया। सभी लोगों को बेटियों को पढ़ाना चाहिए। राष्ट्रीय सैंथवार मल्ल महासभा ने किया सम्मानित

देवरिया: वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया रनर-अप मान्या सिंह अपनों का प्यार पाकर अभिभूत दिखीं। कलिद इंटर कालेज खरजरवा में आयोजित सम्मान समारोह में लोग उनके आने के इंतजार में सुबह से ही पलक पावड़े बिछाए थे। तय समय से करीब दो घंटे देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उनका जोरदार ढंग से स्वागत किया गया। राष्ट्रीय सैंथवार मल्ल महासभा की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में मान्या सिंह के अलावा उनके पिता ओमप्रकाश सिंह व माता मनोरमा सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद बेटियों से मान्या सिंह रूबरू हुईं। बेटियों ने गुलदस्ता भेंट किया। मान्या सिंह ने कहा कि यदि कुछ करने या बनने का जुनून हो तो मेहनत व दृढ़ संकल्प से मुकाम को हासिल किया जा सकता है। आज मेरे सपने साकार हो रहे हैं। यह कड़ी मेहनत की देन है। मैं कभी गिरी, कभी टूटी। बाधाएं आती रहीं, लेकिन मेरे कदम डिगे नहीं। अपनी सरलता को बरकरार रखा। एक छोटे से परिवार से ताल्लुकात रखती हूं। आप सभी के आशीर्वाद मुझे प्रेरित करते रहते हैं। प्रधानाचार्य वकील सिंह ने स्मृति चिह्न व गुलदस्ता भेंट किया। इस मौके पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार मल्ल, उद्यमी संजय सिंह, भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र मल्ल, नीरज सिंह, पूर्व अध्यक्ष आरए सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रणविजय, छोटे सिंह, रामानंद सिंह, दिग्विजयनाथ सिंह, डा. मिथिलेश सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष धनंजय राव, डा.अवध नारायण सिंह, चंद्रदेव सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी