मुंबई से बिहार जा रहा प्रवासियों का आटो पलटा, दो की मौत, तीन घायल

लाकडाउन की आशंका के चलते लौट रहे थे घर कुशीनगर में ढाढ़ा कस्बे के पास शुक्रवार देर रात सवा दो बजे हाईवे पर अनियंत्रित हो पलट गया था आटोघटनास्थल पर नहीं मिला एक घायल ग्रामीणों ने उचीकृत स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 04:00 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 04:00 AM (IST)
मुंबई से बिहार जा रहा प्रवासियों का आटो पलटा, दो की मौत, तीन घायल
मुंबई से बिहार जा रहा प्रवासियों का आटो पलटा, दो की मौत, तीन घायल

कुशीनगर : मुंबई से बिहार जा रहे प्रवासियों का आटो शुक्रवार की देर रात कुशीनगर में हाटा कोतवाली के पास बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के चंद्रवारा गांव निवासी 40 वर्षीय संतोष शाह, उनके छोटे भाई 34 ंवर्षीय संजय शाह, इसी गांव के बेचन, रामबाबू और विनोद सिंह मुंबई में आटो चलाते थे। फिर से लाकडाउन लगने की आशंका के चलते दो दिन पहले सभी ने घर लौटने का फैसला लिया और संतोष के आटो से चल दिए। शुक्रवार की देर रात करीब सवा दो बजे वह हाटा कोतवाली के पास ढाढ़ा कस्बा पहुंचे। यहीं पर आटो बेकाबू होकर पलट गया। आटो पलटने से संतोष, संजय, रामबाबू और बेचन को गंभीर चोटें आईं। विनोद को भी चोट लगी लेकिन कम। उसने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाकर उसे, संतोष, संजय और रामबाबू को गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कालेज भेजा। बेचन दुर्घटनास्थल पर नहीं मिले। गोरखपुर मेडिकल कालेज में चिकित्सकों ने संजय शाह को मृत घोषित कर दिया। संतोष व रामबाबू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के लिए रेफर कर दिया गया। विनोद लखनऊ ले जाने की बजाए दोनों को पैडलेगंज के एक निजी अस्पताल में ले आए। यहां इलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई। वहीं, सूचना के बाद पहुंचे रामबाबू के स्वजन उन्हें पटना ले गए।

घटनास्थल से गायब बेचन ग्रामीणों को बदहवास हालत में मिले। ग्रामीण उन्हें शनिवार की भोर में साढ़े तीन बजे हाटा उच्चीकृत स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बताया कि वह बदहवासी में चीखते-चिल्लाते हुए दुर्घटनास्थल से कुछ दूर भाग गए थे। यहां बेचन की हालत बिगड़ने पर उसे दोपहर बाद साढ़े तीन बजे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। एएसपी एपी सिंह ने बताया कि प्रवासी मुंबई से बिहार जा रहे थे। क्षतिग्रस्त आटो को कोतवाली लाया गया है।

chat bot
आपका साथी