Oxygen in Gorakhpur: इस महीने के अंत तक गैलेंट समूह में भी होगा मेडिकल आक्सीजन का उत्पादन
गैलेंट समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि स्टील प्लांट में उत्पादन प्रक्रिया के अंतर्गत आक्सीजन का प्रयोग होता है। अबतक आक्सीजन की आपूर्ति लिंडो कंपनी की ओर से समय-समय पर टैंकर के माध्यम से की जा रही थी।
गोरखपुर, जेएनएन। आक्सीजन की मांग बढने के साथ-साथ उसकी आपूर्ति भी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। अब गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) स्थित गैलेंट इस्पात प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी आक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। प्लांट से संबंधित उपकरण फैक्ट्री में पहुंच चुके हैं और मई महीने के अंतिम सप्ताह से इसमें सिलेंडर भरने का काम शुरू हो जाएगा। इस प्लांट से प्रतिदिन 300 आक्सीजन सिलेंडर भरे जा सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग के लिए ये सिलेंडर निश्शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
चिकित्सा में प्रयोग के लिए निश्शुल्क कराए जाएंगे उपलब्ध
गैलेंट समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि स्टील प्लांट में उत्पादन प्रक्रिया के अंतर्गत आक्सीजन का प्रयोग होता है। अबतक आक्सीजन की आपूर्ति लिंडो कंपनी की ओर से समय-समय पर टैंकर के माध्यम से की जा रही थी। फैक्ट्री में लगे स्टोरेज टैंक से पाइप लाइन के जरिए आक्सीजन की आपूर्ति फैक्ट्री में होती रहती थी। निर्माण की कुछ जरूरतें इंडस्ट्रियल आक्सीजन सिलेंडर से पूरी होती थीं, जिसे स्थानीय निर्माता उपलब्ध करा देते थे। कोरोना महामारी के समय पिछले एक महीने से आक्सीजन उत्पादन प्रभावित होने से प्रबंधन ने स्वयं का आक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। आक्सीजन प्लांट खरीद कर उसे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सिविल का कार्य प्रगति पर है। इंजीनियर दिन-रात मेहनत कर इस प्लांट को स्थापित करने में लगे हैं। प्लांट स्थापित हो जाने के बाद ट्रायल होगा और उसके बाद आक्सीजन का उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।
प्रतिदिन भरे जा सकेंगे 300 आक्सीजन सिलेंडर
उन्होंने बताया कि मई महीने अंत तक फैक्ट्री में आक्सीजन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस आक्सीजन प्लांट में रोज 300 आक्सीजन सिलेंडर भरे जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार मेडिकल आक्सीजन निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। गैलेंट समूह कोरोना से संक्रमित लोगों की सहायता के लिए तत्पर है।